Advertisement
भोपाल। राजधानी भोपाल के खजूरी सड़क थाना इलाके में सोमवार देर रात एक युवक की करंट लगने से मौत हो गई। रात भर मृतक के बगल में उसका चचेरा भाई सोता रहा लेकिन उसे भनक नहीं लगी। मंगलवार सुबह उठने के बाद शव देखा तो पुलिस को मामले की सूचना दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
जानकारी अनुसार उमरिया निवासी सुरेश कर्मा (25 वर्ष) पुत्र काशीराम कर्मा भोपाल में भौंरी की एक कंस्ट्रक्शन साइट पर बतौर मिस्त्री काम करता था। वह साईट पर ही अपने चचेरे भाई जितेंद्र के साथ टपरी बनाकर रहता था। मृतक के चचेरे भाई जितेंद्र ने बताया कि सोमवार रात दोनों ने एक साथ खाना खाया और सो गए थे। मंगलवार सुबह सात बजे जितेंद्र जागा तो उसे सुरेश का शव जमीन पर पड़ा मिला। पास में टेबल फेन भी गिरा हुआ था। जिसका तार सुरेश के हाथ में चिपका था। अनुमान है कि देर रात पंखा बंद हुआ होगा। जिसे सुधारने के प्रयास में सुरेश करंट की चपेट में आया, इससे उसकी मौत हो गई। मृतक के भाई ने तत्काल मामले की जानकारी साइट पर रहने वाले अन्य मजदूरों को दी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेने के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए रवाना किया। खजूरी सड़क थाना पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |