Advertisement
भोपाल। मप्र आदिवासियों पर अत्याचार और कानून व्यवस्था को लेकर आम आदमी पार्टी ने मंगलवार को भोपाल के भारत टॉकीज चौराहे पर प्रदेश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं ने प्रदेश की भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने रामधुन गाकर सरकार की सद्बुद्धि की कामना की।
भारत टॉकीज चौराहे पर आप कार्यकर्ता एकजुट हुए और आदिवासियों के साथ हो रहे अत्याचार को लेकर प्रदेश सरकार के खिलाफ हल्ला बोला। कार्यकर्ताओं ने रघुपति राघव राजाराम गाकर सरकार की सद्बुद्धि की कामना की। आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता रमाकांत पटेल ने कहा कि भाजपा सरकार में आदिवासियों के साथ अत्याचार के मामले बढ़े हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा आदिवासी वर्ग की हितैषी बनने का ढोंग करती है लेकिन हकीकत ये है कि भाजपा राज में आदिवासियों पर अत्याचार की सबसे ज्यादा घटनाएं हुई हैं। उन्होंने कहा कि आदिवासियों के सम्मान और सुरक्षा से भाजपा का कोई सरोकार नहीं हैं। भाजपा आदिवासियों को केवल राजनीतिक खिलौना समझती है और सियासी रोटियां सेंकती है।
रमाकांत पटेल ने आगे कहा कि आदिवासियों पर अत्याचार और जुल्म के मामले में एमपी देश में अव्वल है। पिछले साल एससी-एसटी एक्ट के 2627 केस दर्ज किए गए। ये आंकड़ा बताता है कि मध्य प्रदेश में आदिवासियों पर कितना अत्याचार हो रहा है। अपने ही प्रदेश में भाजपा राज में आदिवासी वर्ग कितना असुरक्षित महसूस कर रहा है। उन्होंने कहा कि अफसरों और भाजपा नेताओं की मिलीभगत से आदिवासियों की जमीन रसूखदारों को पूरे प्रदेश में बेची जा रही हैं।
मध्य प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर आप के प्रदेश प्रवक्ता ने प्रदेश की भाजपा सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था ध्वस्त हो गई है। गुंडों, बदमाशों में कानून और पुलिस का कोई खौफ नहीं हैं। दिनदहाड़े बदमाश, गुंडे लूट, छेड़खानी, रेप जैसी जघन्य वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा राज में बेटियां, महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। छतरपुर और विदिशा में छेड़खानी से परेशान बेटियों को खुदकुशी करनी पड़ी और बेटियों को प्रताड़ित करने वालों के खिलाफ पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। ये बेहद शर्मनाक है। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में सरकार का फोकस केवल चुनाव जीतने पर लगा है। प्रदेश की ओर सरकार का कोई ध्यान नहीं हैं।
रमाकांत पटेल ने कहा कि शांति का टापू कहा जाने वाला मध्य प्रदेश अब क्राइम स्टेट बन गया है। उन्होंने राज्यपाल से मांग की कि प्रदेश में अराजकता का माहौल है ऐसे में महामहिम राज्यपाल को प्रदेश सरकार को बर्खास्त कर प्रदेश में राष्ट्रपति शासन लगाने की सिफारिश करनी चाहिए।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |