Advertisement
मुरैना। जिले के रिठौरा थाना क्षेत्रान्तर्गत अरदोनी गांव में शुक्रवार की रात खेत के मेड की विवाद को लेकर हमलावरों ने चचेरे भाई के परिवार पर सोते समय ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। इस घटना एक बालक की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जो जीवन व मौत से संघर्ष कर रहे हैं। पुलिस ने हमलावरों के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया है। आरोपितों के ठिकानों की सूचना मिलने पर रात से ही दबिश दी जा रही है, लेकिन अभी तक किसी की भी गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।
पुलिस के अनुसार, अरदोनी गांव निवासी राजाराम गुर्जर का अपने चचेरे भाई जयसिंह से पुराना विवाद चला आ रहा था। यह विवाद खेत की मेड़ को लेकर था। दोनों परिवार एक दूसरे पर मेड़ तोडऩे का आरोप लगा रहे थे। दो दिन पूर्व दोनों में गोली-गलौज व हल्की मारपीट हुई है। इससे आक्रोशित जय सिंह और उसके परिजन शुक्रवार की रात 12 बजे के लगभग हथियारों के साथ राजाराम के घर घुस गये। हमलावरों ने राजाराम व उसकी पत्नी अनारदेवी रिश्तेदार शैलेन्द्र तथा पुत्र जयवीर पर ताबड़तोड़ हमला करते हुए गोलियां चलाईं। कुछ हमलावरों ने कुल्हाड़ी व फर्से से भी प्रहार किये। इससे चारों लोग गंभीर रूप से घायल हो गये।
अप्रत्याशित रूप से गांव में गोलियां चलने पर लोगों की नींद खुल गई। किसी ग्रामीण द्वारा रिठौरा थाना पुलिस को घटना के संबंध में अवगत करा दिया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस को देख हमलावर गांव से भाग खड़े हुये। घर में बेसुध पड़े घायलों को पुलिस नूराबाद चिकित्सालय लाई, इनमें से जयवीर सिंह गंभीर हालत को देखते हुये इलाज के लिये मुरैना भेजा गया। जयवीर को पेट में गोली लगी थी, जिससे उसकी स्थिति गंभीर होती जा रही थी। मुरैना चिकित्सालय से इलाज हेतु जयवीर को ग्वालियर भेज दिया गया, जहां उपचार के दौरान शनिवार को सुबह उसकी मृत्यु हो गई। वहीं नूराबाद से ग्वालियर भेजे गये घायल राजाराम, अनारदेवी तथा शैलेन्द्र की स्थिति गंभीर बनी हुई है।
झगड़ा होने के कारण राजाराम का नजदीकी रिश्तेदार शैलेन्द्र हालचाल जानने के लिए अरदोनी आया हुआ था। पुलिस ने राजाराम के पुत्र रामचरण की शिकायत पर से आरोपितों के विरुद्ध आपराधिक मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। दोनों परिवार सामान्य बताये गये हैं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डा. रायसिंह नरवरिया ने बताया कि आरोपिततों को शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जायेगा। सूचना मिलने पर आरोपीगणों के ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |