Advertisement
ग्वालियर। मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी कांग्रेस में एक बार फिर अंतर्कलह देखने को मिली है। ग्वालियर में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के दौरे से पहले पार्टी नेताओं के दो गुटों में मारपीट हो गई। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच जमकर लात-घूंसे चले। लाठी और हॉकी का भी इस्तेमाल किया गया।
दरअसल, प्रियंका गांधी वाड्रा आगामी 22 जुलाई को विधानसभा चुनाव को लेकर ग्वालियर आएंगी और यहां विशाल जनसभा को संबोधित करेंगी। इसकी तैयारियों का जायजा लेने के लिए पूर्व मंत्री और कांग्रेस विधायक जयवर्धन सिंह बुधवार को ग्वालियर पहुंचे थे। यहां होटल सेंट्रल पार्क में उनके स्वागत के लिए स्थानीय नेता-कार्यकर्ता इकट्ठे हुए थे। इसी दौरान कांग्रेस नेताओं के दो गुट आपस में भिड़ गए। एक गुट ने पूर्व मंत्री लाखन सिंह यादव के भतीजे संजय सिंह यादव की कार के शीशे फोड़ दिए। बाद में वरिष्ठ नेताओं ने झगड़ा शांत कराया।
पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह के सामने ही संजय सिंह यादव के समर्थकों का थाटीपुर के कांग्रेस नेता माठू यादव के साथ विवाद हो गया। दोनों गुटों के बीच हाथापाई होने लगी। बात यहीं तक नहीं थमी। झूमाझटकी के बाद लाठी और हॉकी भी चलीं। जैसे ही कार्यकर्ताओं में मारपीट की जानकारी पूर्व मंत्री लाखन सिंह और अशोक सिंह को मिली, वे तत्काल बाहर आए और दोनों पक्षों को शांत कराया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच लगभग 20 मिनट तक हंगामा होता रहा। इस दौरान होटल के बाहर जाम लग गया था। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच पहले से ही किसी बात को लेकर विवाद चल रहा है।
इस मामले में पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह ने कहा कि स्वागत के दौरान दो पक्षों में धक्का-मुक्की से झगड़ा हो गया था। यह बात गलत है। ऐसा नहीं होना चाहिए था। हमने दोनों पक्षों से बात की है और उनको समझाया है।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |