Advertisement
भोपाल। पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने प्रदेश की शिवराज सरकार पर मध्याह्न भोजन बनाने वाली महिलाओं के साथ अन्याय करने का आरोप लगाया है। इसके साथ ही उन्होंने कांग्रेस की सरकार बनने पर न्याय करने का वादा किया है। कमलनाथ रविवार को भेल दशहरा मैदान में महिला स्व सहायता समूह के सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में 18 वर्ष की भारतीय जनता पार्टी सरकार में मध्याह्न भोजन बनाने वाली महिलाओं के साथ अन्याय ही नहीं, अपमान भी हुआ है। मैं आपको रसोईया कहना नहीं चाहता। आप भोजन बनाती हैं और बच्चों की देखभाल करती हैं, इस तरह आप समाज सेवक हैं और प्रदेश के भविष्य का निर्माण करती हैं। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि आप लोगों की बात मैंने ध्यान से सुनी। उन्होंने कहा कि मानदेय उचित नहीं मिलता, सिलेंडर नहीं मिलता और अन्य समस्याएं हैं। मैं हर चीज के विस्तार में नहीं जाता, लेकिन मैं स्पष्ट करना चाहता हूं कि कांग्रेस सरकार बनने पर आपके साथ हो रहे अन्याय को समाप्त कर दिया जाएगा और आपके साथ न्याय किया जाएगा।
कमलनाथ ने कहा कि मुझे यह जानकर आश्चर्य होता है कि आप इतने वर्ष से यह अपमान और अन्याय किस तरह से सह रहे हैं। शिवराज सरकार ने प्रदेश के ऊपर 330000 करोड रुपये का क़र्ज़ चढ़ा दिया है। इस कर्ज का इस्तेमाल बेरोजगारों को नौकरी देने में या महिलाओं का मानदेय बढ़ाने में नहीं किया जा रहा है, बल्कि ठेका और कमीशन में किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 4 महीने बाद विधानसभा के चुनाव होने वाले हैं, आप सब लोग सत्य का साथ दीजिए और कांग्रेस को विजयी बनाइए।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |