Advertisement
भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर महंगाई को लेकर हमला बोला है। प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष के.के. मिश्रा और महिला कांग्रेस अध्यक्ष विभा पटेल ने बुधवार को संयुक्त पत्रकार वार्ता में आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा सरकार उद्योगपतियों को संरक्षित कर रही है और मध्यम वर्ग के लोगों की और गरीबों की महंगाई से कमर तोड़ रही है।
मिश्रा ने कहा कि चाहे फल सब्जियों के दाम हों,दूध के दाम हों, आटा हो या अन्य कोई रोजमर्रा के उपयोग होने वाली सामग्री, भाजपा सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि ग्रामीणों के किचन में आग लग जाए। ऊंचे दामों में बिक रही खाने की सामग्री से गरीब और मध्यम वर्ग कराह ही रहा है, वहीं ग्रामीण जनता पर महंगाई की दोगुनी मार पड़ रही है।
कांग्रेस नेता ने तंज कसते हुए कहा कि यह वही भाजपा है जो महंगाई को कल तक डायन बताती थी आज वह भाजपा को डार्लिंग क्यों लगने लगी है। इस बात का जवाब भाजपा की सरकार को देना चाहिए? एक तरफ बेरोजगारी दूसरी तरफ महंगाई, लोगों के लिए आज अपना घर चलाना मुश्किल हो रहा है, लोग गरीबी, बेरोजगारी एवं महंगाई से तंग आकर आत्महत्या के लिए विवश हो रहे हैं।
कांग्रेस नेता ने कहा कि भाजपा जल्द से जल्द सब्जियों के दाम कम करे, एक हाथ से दे और एक हजार दूसरे हाथ से ले, यह कलाकारी की राजनीति नही चलेगी। जल्द से जल्द सब्जियों एवं अन्य वस्तुओं के दाम कम करें अन्यथा जनता के कोप एवं बाबा महाकाल के प्रकोप को सहने के लिए आने वाले चुनाव में तैयार रहे। इस चुनाव में भाजपा द्वारा फैलाई महंगाई के खिलाफ जनता वोट करेगी।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |