Advertisement
टीकमगढ़/भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा को साइबेरियन पक्षी बताया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सिर्फ चुनावी पार्टी है, चुनाव के आते ही इनके नेता दिखाई देते है। कांग्रेस के नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा विदेशों में घूमने के बाद जब देश में कहीं चुनाव होता है तो राजनैतिक पर्यटन पर निकलते हैं।
मुरलीधर राव मंगलवार को टीकमगढ़ के जिला भाजपा कार्यालय में पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में नौ साल पूर्ण होने पर प्रदेश में चल रहे विशेष संपर्क अभियान के अंतर्गत मुरधीधर राव टीकमगढ़ में विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होने पहुचे थे। उनके साथ पार्टी की राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य प्रिया सेठी भी उपस्थित थीं।
छह लोगों में सिमट गई कांग्रेस पार्टी
राव ने कहा कि कांग्रेस पार्टी केवल छह लोगों में सिमटकर रह गई है। राष्ट्रीय स्तर पर सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी तक कांग्रेस सीमित हैं। वहीं, प्रदेश में कांग्रेस कमलनाथ, नकुल नाथ और दिग्विजय सिंह, जयवर्धन सिंह तक सीमित है। कांग्रेस के मूल में ही वंशवाद है, इसलिए देश और प्रदेश में भी वह इसी बीमारी से पीड़ित है। उन्होंने कहा कि इस बार लोकसभा चुनाव में कांग्रेस का सूपड़ा साफ होगा और विधानसभा चुनाव में कांग्रेस दो अंकों पर सिमट जाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता सतत जनता से संपर्क में रहता है, हम पार्टी के समय समय पर विभिन्न अभियानों के माध्यम से हर घर पहुंचकर जनता से संवाद करते हैं।
आज जब भारत बोलता है, तो दुनिया सुनती है
मुरलीधर राव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने अपना हर पल देश को महाशक्ति बनाने के लिए समर्पित कर दिया है। आज पूरी दुनिया कह रही है कि 21वीं सदी भारत की सदी है। बीते 9 सालों में भारत ने ’पॉलिसी पेरालिसिस से ’डिसाइसिव पॉलिसी’ और अर्थव्यवस्था में फ्रेजाइल फाइव’ से ’टॉप फाइव की यात्रा की है। पहले भारत की आवाज अनसुनी कर दी जाती थी। आज जब भारत बोलता है, तो दुनिया सुनती है। प्रधानमंत्री ने जातिवाद, परिवारवाद, भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण की राजनीति को खत्म कर विकासवाद की राजनीति प्रतिष्ठित की है।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |