Advertisement
भोपाल। भाजपा के प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव ने कहा कि पहले के प्रधानमंत्री कहते थे कि गरीबों को एक रुपया भेजते हैं, तो उनके पास तक 15 पैसे ही पहुंच पाते हैं। न जाने कौन था कि एक रुपये में से 85 पैसे खा जाता था। आज देश में नरेन्द्र मोदी की सरकार है और गरीबों के लिए एक रुपया भेजा जाता है, तो पूरे 100 पैसे उसके खाते में पहुंचते हैं। जिन राज्यों में भाजपा की डबल इंजन वाली सरकार है, वहां तो यह पैसा और बढ़ जाता है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बीते नौ सालों में देश की अर्थव्यवस्था को 85 पैसे खा जाने वालों के पंजे से मुक्त कराया है और देश को भ्रष्टाचार मुक्त बनाया है। बिचौलिया संस्कृति और भ्रष्टाचार के दीमक को खत्म कर दिया गया है। मुरलीधर राव गुरुवार को सागर में विशेष जनसंपर्क अभियान के अंतर्गत होटल क्राउन पैलेस में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे।
देश के नवनिर्माण, गरीब कल्याण को समर्पित मोदी के 09 साल
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की सरकार के बीते नौ वर्ष भारत के नवनिर्माण और गरीब कल्याण को समर्पित रहे हैं। मोदी ने अपना हर पल देश को महाशक्ति बनाने के लिए समर्पित कर दिया है। आज पूरी दुनिया कह रही है कि 21 वीं सदी भारत की सदी है। बीते नौ साल में भारत ने ’पॉलिसी पेरालिसिस’ से ’डिसीसिव पॉलिसी’ और अर्थव्यवस्था में ’फ्रेजाइल फाइव’ से टॉप फाइव की यात्रा की है। भारत ने बीते नौ साल में एक पार्टी के ’अपना परिवार अपनी विकास नीति’ को दरकिनार कर ’सबका साथ, सबका विकास’ की कहानी लिखी है। पहले भारत की आवाज दुनिया में अनसुनी कर दी जाती थी। आज जब भारत बोलता है, तो दुनिया सुनती है। प्रधानमंत्री मोदी ने जातिवाद, परिवारवाद, भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण की राजनीति को खत्म कर विकासवाद की राजनीति स्थापित की है। पहले योजनाएं कागजों की धूल फांकती रहती थीं, आज एक ही कार्यकाल में योजनाएं बनती भी हैं और जमीन पर उतरती भी हैं।
मोदी के नेतृत्व में देश ने तोड़ी गुलामी की बेड़ियां
मुरलीधर राव ने कहा कि बीते नौ साल में भारत ने गुलामी की बेड़ियां तोड़ी हैं। राजपथ अब कर्तव्य पथ है, रेस कोर्स रोड अब लोक कल्याण मार्ग है और प्रधानमंत्री, प्रधान सेवक के रूप में जनता जनार्दन की सेवा कर रहे हैं। प्रधानमंत्री ने देश के सोचने के स्तर को ऊपर उठाया है। अनुच्छेद 370 धाराशायी हो चुकी है, ट्रिपल तलाक की कुप्रथा खत्म हुई और आतंकवाद पर सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक की गई। अयोध्या में श्री राम जन्मभूमि पर प्रभु श्री राम के भव्य मंदिर का निर्माण भी तेज गति से चल रहा है। इंडिया गेट पूरी तरह से बदल गया है। जहां पर जार्ज पंचम की मूर्ति थी, आज वहां सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा है। वीरों की गाथा गाता हुआ नेशनल वॉर मेमोरियल है।
ये सपनों को साकार करने वाला भारत है
उन्होंने कहा कि बीते 9 वर्षों की सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि इन 9 वर्षों में भारत गरीबों एवं वंचितों की सेवा करने वाला, नारी शक्ति को संबल देने वाला, युवाओं के सपनों को पूरा करने वाला, किसानों के कल्याण को सुनिश्चित करने वाला तथा निरंतर विकास करने वाला भारत बना है। आज का भारत विरासत के साथ विकास करने वाला भारत है। आज भारत के विकास में गति भी है, शक्ति भी है, सुरक्षा भी है और संयम भी। यह नया भारत है, प्रधानमंत्री मोदी के सपनों का भारत है, मिशन इंडिया के तहत आगे बढ़ता हुआ भारत है।
घर-घर पहुंचाएंगे भाजपा सरकार की योजनाएं
राव ने बताया कि मोदी सरकार के 9 वर्ष पूरे होने के अवसर पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने मोदी सरकार की सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण योजनाओं को केंद्र में रखते हुए एक महा जनसंपर्क अभियान शुरू किया है। यह अभियान 30 मई से 30 जून तक, लगभग एक महीने चलेगा। इस दौरान प्रत्येक लोकसभा में 1000 विशिष्ट परिवारों से संपर्क साधा जाएगा। लाभार्थी संपर्क और विभिन्न वर्गों से संपर्क एवं वरिष्ठ कार्यकर्ता संपर्क जैसे विभिन्न कार्यक्रम विधानसभा एवं बूथ स्तर पर आयोजित किये जाएंगे। पत्रकारवार्ता के दौरान प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव ने एक गीत भी जारी किया। साथ ही, पार्टी के जनसंपर्क कार्यक्रम के लिए एक मिस्ड कॉल नंबर (9090902024) भी जारी किया गया
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |