Advertisement
खरगोन। जिले के बरूड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भड़वाली में रविवार को मिट्टी की खदान धंसने से दो महिलाओं की मौत हो गई है, जबकि अन्य महिलाओं को ग्रामीणों ने बचा लिया। घर को लीपने-पोतने के लिए पीली मिट्टी लेने के लिए महिलाएं खदान से मिट्टी लेने पहुंची थी। इसी दौरान यह हादसा हो गया। इसी तरह की दूसरी घटना सीहोर जिले के इछावर में हुई। यहां तालाब में मिट्टी खोदने गए चार लोग खदान में दब गए। इसमें दो लोगों की हालत गंभीर है।
पुलिस के अनुसार, खरगोन जिला मुख्यालय से करीब 25 किलोमीटर दूर छोटी भदवाली गांव में यह हादसा हुआ। रविवार को ग्राम सांगवी की कुछ महिलाएं और बच्चे कच्चे घरों की लिपाई-पुताई के लिए गांव से करीब दो किमी दूर खदान में मिट्टी लेने के लिए गए थे। यहां खदान में लंबे समय से चल रही खुदाई के कारण वह सुरंग की तरह गहरी खाई हो चुकी थी। इसी खोह से महिलाएं मिट्टी खोद रही थी। इसी दौरान खदान अचानक धंसक गई और महिलाओं के सिर के ऊपर मलबा आ गया और वे मलबे में दब गईं। सूचना मिलने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। धंसी खदान की मिट्टी हटाने के बाद महिलाओं को बाहर निकाला, लेकिन तब तक दो महिलाओं की मौत हो चुकी थी।
बरूड़ थाना प्रभारी दिनेश चांगोड ने बताया कि सोनू बाई (32) पत्नी शुभम और बाली बाई (40) निवासी ग्राम सांगवी की मिट्टी का खदान धंसने से मौत हो गई, जबकि दो अन्य महिलाओं को ग्रामीणों ने बचा लिया। घटना में मरने वाली दोनों महिलाएं विधायक केदार डाबर की दूर की रिश्तेदार हैं।
सीहोर में भी धंसी खदान
ठीक इसी तरह की दूसरी घटना सीहोर जिले के इछावर क्षेत्र के ग्राम खजूरिया घेंघी में हुई। यहां खजूरिया घेंघी गांव के 10 से 12 लोग तालाब में मिट्टी खोदने गए, तभी मिट्टी खोदते समय खदान की पाल धंस गई, जिसमें दो महिला, एक बच्ची और एक पुरुष दब गए। ग्रामीणों ने सभी मलबे से निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। घायलों में चार की हालत खतरे से बाहर है, जबकि दो गी हालत गंभीर बताई जा रही है।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |