Advertisement
भोपाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की केंद्र सरकार के सफलतम 9 वर्ष पूर्ण होने पर 30 मई से 30 जून तक खजुराहो लोकसभा क्षेत्र में वृहद जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा। कार्यकर्ता विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से प्रधानमंत्री के नेतृत्व में हुए विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी जनता तक पहुंचायेंगे। अभियान में व्यापक जनसंपर्क, लाभार्थी संपर्क, समाज के विभिन्न वर्गों से संपर्क, प्रबुद्धजन एवं वरिष्ठ कार्यकर्ताओं से संपर्क किया जायेगा। पार्टी के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता इस अभियान को सफल बनाने में पूरी ताकत से जुट जाएं।
यह बात भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने शनिवार को प्रदेश कार्यालय में खजुराहो लोकसभा क्षेत्र के पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधियों की बैठक को सम्बोधित करते हुए कही। बैठक में पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद जी का भी मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। बैठक में प्रदेश शासन के मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह वर्चुअली जुड़े।
उन्होंने कहा कि खजुराहो लोकसभा में स्थित विकास तीर्थों पर लाभान्वित लोगों के साथ चर्चा की जाएगी। विशाल जनसभा को केंद्रीय मंत्री एवं राष्ट्रीय पदाधिकारी सम्बोधित करेंगे। खजुराहो में 2 जून को पत्रकार-वार्ता का आयोजन कर केन्द्र सरकार की उपलब्धियों को बताया जायेगा। लोकसभा क्षेत्र में सोशल मीडिया के प्रमुख इंफ्लुएंसर के साथ संवाद कार्यक्रम का आयोजन होगा। उन्होंने कहा कि संपर्क से समर्थन वृहद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। व्यापारिक केंद्र पर प्रमुख व्यापारियों के साथ व्यापारी सम्मेलन का भी आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि 21 जून को योग दिवस के अवसर पर पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ ही आमजन भी कार्यक्रम में शामिल होंगे एवं केंद्र सरकार की 9 वर्ष की उपलब्धियों पर प्रदर्शनी लगाई जाएगी। उन्होंने 23 जून को डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी की पुण्यतिथि पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के उद्बोधन को व्यापक रूप में सुनने का आव्हान किया।
बैठक में खजुराहो संसदीय क्षेत्र अंतर्गत आने वाले जिलों के पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित थे
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |