Advertisement
भोपाल। मध्य प्रदेश में इस साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनावों के लेकर सत्तापक्ष और विपक्ष के नेताओं के जुबानी जंग तेज हो गई है। भाजपा और कांग्रेस के नेताओं के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। इसी क्रम में कांग्रेस ने बुधवार को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष को लेकर एक ट्वीट किया है, जिसमें अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल किया है। इसको लेकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अमर्यादित भाषा का प्रयोग पर फिर स्तरहीन राजनीति का उदाहरण दिया है।
मुख्यमंत्री चौहान ने बुधवार को ट्वीट करते हुए कहा है कि कांग्रेस पार्टी ने आज फिर स्तरहीन राजनीति का उदाहरण दिया है, जिसमें उन्होंने एक ट्वीट के जरिये बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा जी के लिए अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया। उन्होंने कहा कि वीडी शर्मा जी भाजपा के समर्थ और कर्मठ कार्यकर्ता हैं, उनके परिश्रम और कुशल नेतृत्व से बीजेपी मध्यप्रदेश लगातार आगे बढ़ रही है। हमारा संगठन श्रेष्ठ है।
दरअसल, हाल ही में ऐसी खबरें आई थीं कि भाजपा में सागर जिले के तीन कद्दावर नेताओं, जो शिवराज सरकार में कैबिनेट मंत्री भी हैं, उनके बीच सियासी वर्चस्व की जंग छिड़ी है और इसी सिलसिले में इन्हीं में दो नेताओं ने स्वयं मुख्यमंत्री शिवराज के समक्ष गुहार लगाई है। मप्र कांग्रेस से इसी का हवाला देते हुए बुधवार सुबह ट्वीट किया, जिसमें लिखा है कि भाजपा की कलह खुलकर सामने आई। बीजेपी के दो मंत्री निकम्मे प्रदेश अध्यक्ष बीडी शर्मा की जगह शिवराज के सामने गिड़गिड़ाए। मंत्री भूपेन्द्र सिंह के विरोध में इस्तीफ़े की तैयारी। शिवराज जी, एक भ्रष्ट, बेईमान, नकारा, निकम्मे और नफरती चिंटू को प्रदेश अध्यक्ष बनाने का नतीजा देखा।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |