Advertisement
इंदौर। कांग्रेस पार्टी कर्नाटक में बजरंग दल पर प्रतिबंध की बात करती है, लेकिन मप्र के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के भाई एवं कांग्रेस विधायक लक्ष्मण सिंह इसे सही नहीं मानते। उन्होंने कहा कि बजरंग दल देश विरोधी संगठन नहीं है। उन्होंने केरल स्टोरी फिल्म के विषय को भी सही ठहराया है। उन्होंने कहा कि वहां ऐसी घटनाएं दशकों से हो रही हैं।
कांग्रेस विधायक लक्ष्मण सिंह शुक्रवार को इंदौर प्रवास पर थे। उन्होंने यहां शाम को प्रेस क्लब में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि मेरे ख्याल से ऐसी जरूरत नहीं है कि बजरंग दल को प्रतिबंधित किया जाए। वह राष्ट्रविरोधी संगठन नहीं है। इसलिए उन पर प्रतिबंध नहीं लगना चाहिए। यदि एनआईए कुछ नहीं कह रहा है तो प्रतिबंध लगाने का सवाल ही नहीं उठता। यदि कोई हिंसक गतिविधियों में शामिल होता है तो पुलिस कार्रवाई करेगी।
उन्होंने फिल्म द केरल स्टोरी पर को लेकर कहा कि ‘मैंने 1975 में केरल में चाय की कंपनी में नौकरी की है। हम तब यह सब सुनते थे। मैंने फिल्म नहीं देखी, इसलिए यह नहीं बता सकता कि उसमें कितनी सच्चाई बताई गई है। मगर जो चर्चा हो रही है, उस तरह की घटनाएं केरल में होती हैं। मेरे ख्याल से इनपर नियंत्रण होना चाहिए।
दरअसल, लक्ष्मण सिंह की राजनीतिक पहचान पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के भाई के रूप में ज्यादा है, मगर उनके हालिया बयान बड़े भाई सहित पार्टी को कुछ असहज कर सकते हैं। हालांकि लक्ष्मण भाजपा का दामन थामकर लोकसभा की सीढ़ियां चढ़ चुके हैं और अब कांग्रेस में लौटने के बाद भी विचारधारा में भाजपाई प्रभाव नजर आता है।
उन्होंने ज्योतिरादित्य सिंधिया को लेकर पूछे गए सवाल गए सवाल के जवाब में कहा कि झांसी की रानी की समाधि पर सिंधिया होकर आए हैं, इसलिए यह बात छोड़ दें कि किसने इतिहास में क्या किया। माधवराव सिंधिया हमारे नेता थे, हमें उनकी कमी महसूस होती है। मैं व्यक्तिगत रूप से किसी को कुछ नहीं कहता हूं। हालांकि उन्होंने भाजपा में जाकर गलती थी और आगामी चुनाव के बाद वे गलती महसूस करेंगे। सिंधिया नहीं हारेंगे, क्योंकि वे चुनाव नहीं लड़ रहे। उनके लोग जनता के बीच जा रहे हैं। उनकी दुर्दशा क्या हो रही है, ये सब देख रहे हैं। ग्वालियर-चंबल संभाग में हम उनके समर्थकों को हराएंगे। उन्होंने आगे कहा कि मैंने सिंधिया परिवार को कभी गद्दार नहीं कहा। जो हो गया, हो गया, हम आगे की सोचें। उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव में कमल नाथ और दिग्विजय सिंह हमारे स्टार प्रचारक होंगे। दोनों पूरी ऊर्जा के साथ पार्टी को जिताने में जुटे हैं। योग्य उम्मीदवार को ही पार्टी टिकट देगी।
कांग्रेस की आइडियोलॉजी नहीं- पवैया
लक्ष्मण सिंह के बयान पर पूर्व मंत्री और बजरंग दल के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जयभान सिंह पवैया ने कहा कि कांग्रेस की कोई आइडियोलॉजी नहीं है। कांग्रेस की कोई विचारधारा नहीं है। कांग्रेस इस तरह के फैसले और अनर्गल बातें करती है, जो दिशाहीन है। किसी नेता के समझ में तो आया, यह अच्छी बात है।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |