Advertisement
भोपाल। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ आज बुधवार को राजधानी भोपाल के गांधी भवन में आयोजित भारत जोड़ो अभियान कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आज से कुछ साल पहले हम भारत जोड़ने की बात नहीं करते थे, क्योंकि भारत के इतिहास में नफरत, स्वार्थ की भावना लोगों में नहीं थी। प्रेम, भाईचारा, सद्भाव और सौहार्द्र की भावना लोगों में थी। लेकिन आज भारत को जोड़ने की अपेक्षा कुछ जिम्मेदार पदों पर बैठे लोगों द्वारा भारत की संस्कृति को तोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
कमलनाथ ने कहा कि हमारा देश विभिन्न संस्कृतियों और समाजों का देश है, जहां विभिन्न जातियों, विभिन्न धर्मों के लोग एक दूसरे के साथ मिलकर एक झंडे के नीचे निवास करते हैं। लेकिन आज जिम्मेदार पदों पर बैठे लोगों द्वारा संविधान पर आक्रमण कर भारत की संस्कृति को तोड़ने का प्रयास किया जा रहा है, समाज को बांटने का काम किया जा रहा है। भारत के सामाजिक मूल्यों को दबाया जा रहा है, यह सोचने का विषय है। उन्हाेंने प्रदेश सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि मध्यप्रदेश में गवर्नेस बाय डिफॉल्ट है, हर तरफ भ्रष्टाचार है। शासकीय स्कूलों में शिक्षक नहीं, अस्पतालों में डॉक्टर नहीं, खम्बों में तार नहीं और तार में बिजली नहीं है। सरकार ने कर्जा लिया और अब कर्जा चुकाने के लिए कर्ज लेना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा योजनाओं पर जो पैसा खर्च किया जाता है, वह कमीशन के लिए होता है।
कमलनाथ ने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह को आज चुनाव नजदीक आते ही 18 साल बाद युवाओं, महिलाओं, किसानों की याद आ रही है। शिवराज सिंह के लिए 18 सालों में किये गये पापों के प्रायश्चित करने का समय है। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि पांच महीने निष्ठा और परिश्रम के है, अगर आपने कमर कस ली तो हम एक नए मध्यप्रदेश का निर्माण करेंगे। कांग्रेस का साथ मत देना, कमलनाथ का साथ मत देना लेकिन सच्चाई का साथ जरूर देना। ताकि प्रदेश को पटरी पर लाया जा सके, आने वाली नई पीढ़ी और नौजवानों का भविष्य सुरक्षित हो सके। कार्यक्रम में प्रदेश भर से आये सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद थे।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |