Advertisement
इंदौर के छोटी ग्वाल टोली इलाके में रविवार देर रात 1 बजे निजी हॉस्टल की पांचवी मंजिल से सीए की छात्रा ने छंलाग लगा दी थी। गंभीर हालत में हॉस्टल का स्टाफ उसे गोकुलदास अस्पताल लेकर पहुंचा था। यहां छात्रा की हालत नाजुक बनी हुई है। बताया जाता है कि वह सीए की फाउंडेशन एग्जाम में फेल हो गई थी। इसके चलते चार दिन से डिप्रेशन में चल रही थी। रात को वह हॉस्टल से बिना बताए कहीं चली भी गई थी।छोटी ग्वालटोली पुलिस के मुताबिक मामला जीएस होस्टल का है। यहां पांचवी मंजिल से गिरने के बाद पलक दीक्षित निवासी नरसिंहपुर को गोकुलदास अस्पताल के आईसीयू में भर्ती किया गया था। पुलिस ने हॉस्टल संचालक के बयान लिए हैं, जिसमें सामने आया कि छात्रा कुछ दिन पहले फेल हो गई थी। जिसके कारण वह तनाव में थी। रात में छात्रा अपना मोबाइल बंद कर कहीं चली भी गई थी। जिसे उसकी दोस्तों के माध्यम से ढूंढा गया था। उसे हॉस्टल की वार्डन और अन्य लोगों ने समझाया भी था। उसे पढ़ाई को लेकर तनाव था। बताया जाता है कि परिवार में किसी की शादी भी थी। लेकिन वह डिप्रेशन के चलते शादी में भी नही गई थी।बताया जाता है कि छात्रा ने रात में रूम मेट को मैसेज किया था। उसने कहा था कि उसे दुख है कि वह उसे छोड़कर जा रही है। हॉस्टल की तरफ से रात में परिवार को मामले की सूचना दे दी गई थी। पुलिस के मुताबिक अभी छात्रा बयान देने की स्थिति में नहीं है।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |