Advertisement
भोपाल। मप्र में इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी पूरी तरह से मुस्तैद हो गई और चुनावी मोर्चा संभाल लिया है। सोमवार को मध्य प्रदेश में जिम्मेदारी मिलने के बाद पहली बार आप के चारों सह प्रभारी प्रवीन देशमुख, शैरी कलसी,मनजिंदर सिंह लालपुरा और दिनेश चड्ढा भोपाल दौरे पर आए। यहां पार्टी के प्रदेश कार्यालय में कार्यकर्ताओं ने चारों सह प्रभारियों का जोरदार स्वागत किया। इसके बाद पार्टी के प्रदेश प्रभारी बीएस जून ने चारों सह प्रभारियों और प्रदेश अध्यक्ष रानी अग्रवाल के साथ संयुक्त पत्रकार वार्ता को संबोधित किया।
प्रदेश प्रभारी बीएस जून ने कहा कि आम आदमी पार्टी बहुत तेजी से देश में आगे बढ़ रही है और लोगों का भरोसा जीत रही है। उन्होंने कहा कि जालंधर लोकसभा उपचुनाव में आम आदमी पार्टी प्रत्याशी सुशील कुमार रिंकू की शानदार जीत हुई है। उन्होंने कहा कि जालंधर में आम आदमी पार्टी की सरकार के काम, नीतियों और ईमानदार सोच की जीत हुई है।उन्होंने कहा कि लोग अब भाजपा और कांग्रेस से परेशान आ चुके हैं और आम आदमी पार्टी पर भरोसा जता रहे हैं। प्रदेश प्रभारी बीएस जून ने कहा कि मध्यप्रदेश में सभी 230 सीटों पर हम मजबूती से चुनाव लडेंगे और जीतेंगे। उन्होंने कहा कि जो जनता के मुद्दे हैं उन जरूरी मुद्दों को हम उठाएंगे और सरकार की जनविरोधी नीतियों का पुरजोर विरोध करेंगे। प्रदेश प्रभारी ने कहा कि मध्य प्रदेश में हम संगठन को मजबूत करने में लगे हुए है। अब तक ब्लॉक लेवल तक नियुक्तियां हो चुकी हैं। अब पार्टी को बूथ लेवल पर मजबूत करने के लिए काम कर रहे हैं।
प्रदेश के सह प्रभारी प्रवीन देशमुख ने प्रदेश की भाजपा सरकार और कांग्रेस पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में एक के बाद एक घोटाले कांग्रेस और भाजपा सरकारों में हुए हैं लेकिन आजतक उनकी जांच पूरी नहीं हो पाई। व्यापम घोटाला एक बदनुमा दाग की तरह है, 40 लोगों की मौत हो गई लेकिन जांच पूरी नहीं हुई। भर्तियों में घोटाला, राशन में घोटाला, पोषण आहार में घोटाला। ये घोटाले जैसे सरकार की पहचान बन गए। घोटालबाज सरकार के खिलाफ आम आदमी पार्टी पुरजोर तरीके से मुखर होकर जमीन पर उतरेगी।
आप प्रदेश अध्यक्ष रानी अग्रवाल ने कहा कि मध्य प्रदेश बदलाव के लिए तैयार है और अबकी बार हम मध्य प्रदेश में सरकार बनाएंगे। उन्होंने कहा कि ग्वालियर चंबल के दौरे के बाद मध्य प्रदेश के अलग अलग इलाकों के दौरे पर वो जल्द ही निकलेंगी।
कृषि मंंत्री पर लगाया गंभीर आरोप
प्रदेश प्रभारी बीएस जून ने मध्य प्रदेश के कृषि मंत्री कमल पटेल पर मंच से नीचे उतारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि जाट सम्मेलन के दौरान कमल पटेल ने मुझे किसानों के मुद्दे, उनके हक की आवाज उठाने से रोका। उन्होंने मुझे मंच से नीचे उतारने की धमकी दी। उन्होंने कहा कि ये मंच कमल पटेल ने पूरा हाईजैक कर लिया था। उन्होंने कहा कि कृषि मंत्री कमल पटेल ने मेरा नही बल्कि किसानों का अपमान किया है। भाजपा सरकार नही चाहती है कि प्रदेश का किसान खुशहाल हो। ये किसान को केवल वोटबैंक समझते हैं। उन्होंने कहा कि कृषि मंत्री कमल पटेल किसानों के अपमान पर माफी मांगें। माफी न मांगने पर आम आदमी पार्टी कृषि मंत्री कमल पटेल के खिलाफ सड़कों पर उतरेगी और प्रदर्शन करेगी।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |