Advertisement
मुरैना। मैं राजा महाराजा एवं मामा नहीं हूं बल्कि प्रदेश की जनता का सेवक हूं। प्रदेश की तस्वीर के लिए 5 माह का समय आपके पास है। जिसमें प्रदेश का भविष्य तय होगा। यह बात जौरा कस्बा स्थित स्थित मंडी प्रांगण में कांग्रेस की जनसभा को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कमलनाथ ने कही। सभा में हजारों की संख्या में लोग आए हुए थे।
विशाल जनसमूह को संबोधित करते हुए कमलनाथ ने कहा कि प्रदेश के नौजवान, किसान, व्यापारी भाजपा सरकार की मनमानी नीतियों, झूठी घोषणाओं एवं बेरोजगारी से बेहद परेशान है। अगले 5 माह में प्रदेश में चुनाव होने हैं। यह चुनाव संस्कृति को जोडऩे के हिसाब से बेहद महत्वपूर्ण हैं। हम दिल से संबंध जोड़ते हैं जबकि भाजपाई नफरत फैलाने का काम करते हैं। देश की संस्कृति को जोडऩे की रक्षा का काम हमेशा कांग्रेस पार्टी ने किया है।
उन्होंने कहा कि मैं राजा, महाराजा, मामा नहीं हूं। प्रदेश की जनता का सेवक हूं। 15 माह का हमारा कार्यकाल जनता ने देखा है। हमने 15 माह में अपने कई वायदे पूरे किए। लेकिन खरीद-फरोख्त और नोटों से सरकार बनाने वालों की कथनी करनी सब प्रदेश की जनता के सामने है।
उन्होंने कहा कि संविधान निर्माता बाबा साहब ने हमें जो संविधान दिया उसकी रक्षा करना हम सभी का कर्तव्य एवं दायित्व भी है। 5 माह में आप सभी को झूठी घोषणा से बचना है। शिवराज सिंह पूरी तरह से शिलान्यास मंत्री हो चुके हैं। भाजपा के शासन में बेरोजगारी, भर्ती घोटाला, बलात्कार, घर-घर शराब जैसी उपलब्धियां मिल रही हैं। भाजपा पर प्रहार करते हुए कमलनाथ ने यह भी कहा कि 18 साल के शासन में भ्रष्टाचार की सारी सीमाएं सरकार ने पार की है। सबसे बड़ी चुनौती नौजवानों की है। नौजवान रोजगार चाहता है। लेकिन प्रदेश की सरकार नौजवानों को रोजगार नहीं दे सकी है। बेरोजगारी से बुरा हाल है। आज का युवा दर-दर भटक रहा है। निवेश को लेकर भी कमलनाथ ने जमकर भाजपा सरकार एवं शिवराज सिंह पर प्रहार किया।
उनका कहना था कि बाहर से आने वाले इन्वेस्टर निवेशकों को प्रदेश सरकार पर विश्वास ही नहीं है तो वह कैसे निवेश के लिए यहां आएंगे। प्रदेश में भ्रष्टाचार एवं अत्याचार की सभी सीमाएं पार हो चुकी हैं। सच्चाई यही है आने वाले समय में नौजवानों का भविष्य सुरक्षित रखना हमारी भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। अगले 5 माह बाद चुनाव होने हैं। मुरैना जिले में घोषणा वीर शिलान्यास मुख्यमंत्री की अधूरी घोषणाओं व योजनाओं को सरकार आने पर हम निश्चित रूप से पूरा करेंगे । मुरैना जिले की जनता निश्चित रूप से बहादुर है। जिसने 2018 में कांग्रेस को 6 सीटें देकर प्रशंसनीय एवं बधाई का काम किया।
सभा को नेता प्रतिपक्ष डॉक्टर गोविंद सिंह, पूर्व मंत्री बालेंद्र शुक्ला, रामनिवास रावत, विधायक रविंद्र सिंह तोमर ,राकेश मावई ,बैजनाथ कुशवाह, अजब सिंह कुशवाह, किसान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष दिनेश सिंह गुर्जर, जिला कांग्रेस के अध्यक्ष मधुराज सिंह तोमर ने भी संबोधित किया। सभा का संचालन शहर कांग्रेस अध्यक्ष दीपक शर्मा एवं किसान कांग्रेस अध्यक्ष दिनेश सिंह गुर्जर ने संयुक्त रूप से किया। इस मौके पर पार्टी के राष्ट्रीय सचिव शिव भाटिया एवं अशोक सिंह, आरडी सिंघल, लतीफ खान, पंकज उपाध्याय, श्रीमती शारदा सोलंकी, राजा डण्डौतिया, ब्लॉक अध्यक्ष मनोज सिंह सिकरवार, भानु प्रताप चिंटू सिकरवार, सुभाष सिंह सिकरवार, भगवान सिंह तोमर, राकेश पाराशर, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष राकेश यादव, हरि सिंह कुशवाह, रामू तोमर, पवन शर्मा, प्रमोद शर्मा, डॉ सुरेश शर्मा, बृजमोहन मरैया, प्रहलाद यादव, सुरेश उपाध्याय, राजेंद्र यादव, कौशल शर्मा, अन्ना शर्मा सहित आदि कांग्रेसी उपस्थित रहे।
बसपा छोड़ कांग्रेस में आए रिकू: पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के आगमन के दौरान बसपा नेता प्रबल प्रताप रिंकू मावई अपने साथियों के साथ कांग्रेस में शामिल हुए। वही भाजपा के जनपद सदस्य नरेंद्र सिंह सिकरवार टिंकू भी अपने कई साथियों सहित भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |