Advertisement
शहडोल के जयसिंह नगर में 10 वर्षीय अनिल कोल के चेहरे पर आंख के पास नुकीला सरिया घुस गया। परिजन उसे इसी हालत में लेकर 50 किलोमीटर दूर जिला अस्पताल पहुंचे। जहां करीब 20 मिनट चले ऑपरेशन के बाद सरिया निकाला जा सका। फिलहाल, बच्चे की हालत स्थिर बताई गई है। जयसिंह नगर के कुबरा गांव निवासी अनिल के परिजन ने बताया कि वह शुक्रवार को डिश टीवी की छतरी में सिग्नल सेट करने छत पर चढ़ा था। इसी दौरान पैर फिसलने से वह छत के नीचे आ गिरा और वहां रखा नुकीला सरिया उसकी दायीं आंख के पास धंस गया। हाथ में 5 फीट का नुकीला सरिया पकड़कर परिजन अनिल को लेकर जयसिंह नगर अस्पताल पहुंचे। यहां काफी प्रयासों के बावजूद डॉक्टर सरिया नहीं निकाल पाए। इसके बाद उसे जिला चिकित्सालय रेफर किया गया।इसके बाद अनिल को लेकर परिवार वाले ऑटो से 50 किलोमीटर का सफर तय कर शहडोल जिला अस्पताल पहुंचे। उसकी हालत देखकर OPD में मौजूद डॉक्टर और स्टाफ हैरान रह गया। OPD में ही सरिया निकालने की कोशिश की गई लेकिन कामयाबी नहीं मिली। इसके बाद ड्यूटी डॉक्टर अपूर्व पांडे और धनंजय चतुर्वेदी ने करीब 20 मिनट तक अनिल की सर्जरी की और उसके चेहरे से सरिया निकाला।सिविल सर्जन डॉ. जीएस परिहार ने बताया कि पीड़ित जयसिंह नगर से रेफर होकर जिला अस्पताल आया था। यहां डॉक्टरों ने उसका सफल ऑपरेशन किया। करीब आधा घंटे तक चली सर्जरी के बाद सरिया निकाला जा सका। फिलहाल, उसकी हालत खतरे से बाहर है।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |