Advertisement
भाजपा सरकार की मास्टर स्ट्रोक मानी जा रही लाड़ली बहना योजना की काट के तौर पर कांग्रेस ने आधी आबादी पर बड़ा दांव खेला है। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने मंगलवार को परासिया के ईडीसी मैदान में हजारों महिलाओं की मौजूदगी में नारी सम्मान योजना की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि सरकार बनने पर महिलाओं को हर महीने 1500 रुपए और 500 रुपए में गैस सिलेंडर देंगे। इस दौरान उन्होंने मंच से दो महिलाओं से फॉर्म भी भरवाए। इस मौके पर उनके पुत्र सांसद नकुलनाथ और पुत्रवधू प्रियानाथ भी मौजूद थे।नाथ ने इस दौरान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर सीधा हमला करते हुए कहा कि 2018 में हमने वोट से सरकार बनाई, लेकिन इन्होंने सौदे से सरकार बनाई। आज हमसे सवाल पूछे जाते हैं कि कांग्रेस ने 70 सालों के दौरान क्या किया तो मैं कहना चाहता हूं कि मोदीजी जिस स्कूल में गए उसे कांग्रेस ने बनवाया। शिवराजजी जिस कॉलेज में आपने पढ़ाई की, उसे भी कांग्रेस ने बनाया था। कमलनाथ ने कहा कि हमारी सरकार बनने पर जितनी भी खदानें बंद पड़ी हैं, उनकी लीज निरस्त कर जमीन गरीबों को देंगे। मप्र में भाजपा के पास बचा क्या है पुलिस पैसा और प्रशासन। पांच महीने इनका उपयोग कर लीजिए। याद रखें, कल के बाद परसों आता है। इस मौके पर पर्वतारोही मेघा परमार ने कांग्रेस ज्वाइन की। जब कमलनाथ मुख्यमंत्री थे, उस दौरान मेघा को महिला एवं बाल विकास विभाग में ब्रांड एंबेसडर नियुक्त किया था। मेघा ने कांग्रेस की सदस्यता लेने के बाद कहा कि कांग्रेस परिवार में शामिल हो रही है यह मेरे लिए सौभाग्य की बात है।योजना की लॉन्चिंग के बाद प्रदेश भर में कांग्रेस नेताओं ने जोर-शोर से इसके बारे में बताया। इस योजना में लाभ पाने के लिए प्रदेश भर में कांग्रेसजन महिलाओं से फाॅर्म भरवाएंगे। साथ ही प्रत्येक घर पर पहुंचकर पोस्टर चस्पा करेंगे, जिसमें योजना में दिए जाने वाले लाभों का जिक्र होंगा।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |