Advertisement
मंदसौर। जिले के मल्हारगढ़ में रविवार शाम को एक सड़क हादसे में एक पुलिस इंस्पेक्टर की मौत हो गई। हादसा महू-नीमच फोरलेन पर हुआ। इंस्पेक्टर अपनी पुत्री की शादी के लिए छुट्टी लेकर गृह ग्राम बोरखेड़ी इंदौर आए हुए थे। रविवार को ही उनकी पुत्री पहली बार ससुराल से मायके भी आई थी। इस दर्दनाक हादसे से परिवार की खुशिया मातम में बदल गई।
जानकारी के अनुसार रविवार शाम 6 बजे के लगभग रतलाम पुलिस लाइन में पदस्थ निरीक्षक 58 वर्षीय रामचंद्र भाटी महू-नीमच राजमार्ग फोरलेन पर मल्हारगढ़ में पगारिया पेट्रोल पंप के निकट से बाइक से सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान फोर लेन पर तेज गति से आ रही कार (एमपी 09 सीएफ 0029) के चालक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर घायल निरीक्षक भाटी को मल्हारगढ़ के सरकारी अस्पताल ले गए। यहां चिकित्सक जितेंद्र पाटीदार ने परीक्षण कर मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पोस्ट्मार्टम कर शव परिजनों को सौंपा। दुर्घटना की जानकारी मिलने पर एसडीओपी मनोज रत्नाकर, टीआई राजेंद्र पंवार मौके पर पहुंचे।
मल्हारगढ़ थाने पर पदस्थ एसआई बलदेव चौधरी ने बताया कि रामचंद्र भाटी रतलाम डीआरपी लाइन में निरीक्षक पद पर पदस्थ थे। वे वर्तमान में महिला सेल में कार्य देख रहे थे। वे इंदौर के बोरखेड़ी गांव के रहने वाले थे। उन्होंने बताया कि पुलिस ने कार चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |