Advertisement
शाजापुर। आगरा-मुंबई नेशनल हाईवे पर स्थित टोल प्लाजा पर बीती रात करणी सेना के कार्यकर्ताओं ने जमकर तोड़फोड़ कर दी। करणी सेना ने आरोप लगाया कि उनके एक कार्यकर्ता के साथ टोल कर्मचारियों ने मारपीट की है। इसके बाद बड़ी संख्या में कार्यकर्ता लाठी-डंडों के साथ मुंह पर कपड़ा बांधकर टोल प्लाजा पहुंचे और यहां करीब 3 घंटे तक बवाल किया। देर रात पांच टोलकर्मियों पर एफआईआर के बाद करणी सैनिक वहां से हटे।
रविवार रात करीब 10 बजे करणी सैनिकों द्वारा टोल प्लाजा पर तोड़फोड़ और हंगामा किए जाने की सूचना मिलने पर एडिशनल एसपी, एसडीओपी सहित 4 थानों की पुलिस टोल प्लाजा पर पहुंची, लेकिन कार्यकर्ता नहीं माने। उनका कहना है कि टोलकर्मियों द्वारा करणी सेना के एक कार्यकर्ता के साथ मारपीट की गई है, जिससे उसके सिर में चोट आई है। करणी सेना के कार्यकर्ता टोल प्लाजा के कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर की मांग पर अड़े थे। रात 1 बजे तक पुलिस अधिकारी करणी सेना के लोगों को समझाते रहे। इस दौरान वाहनों की आवाजाही भी रोक दी गई। आखिरकार मक्सी पुलिस ने करणी सेना के पदाधिकारी सोनू उर्फ राजेंद्र सोनगरा की शिकायत पर टोल कर्मचारी ब्रजेंद्र सिंह चौहान, एसके सिंह, सुधांशु गौड़, सुधांशु तिवारी, प्रशांत शर्मा सहित अन्य साथियों के खिलाफ मारपीट और गाली-गलौज का मामला दर्ज किया। तब जाकर करणी सैनिक वहां से जाने को तैयार हुए और यातायात चालू हो सका।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |