Advertisement
ग्वालियर। शहर के माधोगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत आंग्रे साहब के पास धान मिल रोड पर रविवार सुबह झाड़ियों के बीच में एक महिला का शव मिला। सिर और मुंह कुचलकर उसकी हत्या की गई है। महिला का शव निर्वस्त्र हालत में था। साथ ही महिला का एक हाथ गायब है। घटना की सूचना मिलते ही माधौगंज पुलिस सहित पुलिस के वरिष्ठ अफसर मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने अज्ञात आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, घटना देर रात की है। रविवार सुबह धान मिल रोड पर जब लोग मैदान से गुजरे तो उन्हें एक महिला का शव दिखा। लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची। जहां पर पुलिस को नजर आया कि शव निर्वस्त्र है और महिला का है। शरीर से एक हाथ भी गायब था। पुलिस को आशंका है कि दुष्कर्म के बाद महिला की हत्या की गई है। शव के आसपास पुलिस को खून से सने हुए पत्थर मिले हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। साथ ही मृतका की पहचान कराने का प्रयास शुरू कर दिया है।
पुलिस के अनुसार, महिला के शरीर पर कपड़े नही थे, लेकिन वह गहने पहने हुए थी। पास में ही एक लेडीज पर्स भी पड़ा था, जिसमें दो आधार कार्ड मिले। जिसमें से एक पर माया नाम लिखा है। माना जा रहा है कि यह आधार कार्ड इसी महिला का हो सकता है, लेकिन मुंह कुचला होने के कारण उसे पहचाना नहीं जा रहा है। पर्स से एक अन्य युवक का आधार भी मिला है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |