Video

Advertisement


पुलिस ने कोंग्रेसियों को पीटा ,अरूण यादव की हालत बिगड़ी
arun yadav

कटनी के 500 करोड़ रूपयों के हवाला कांड को लेकर भोपाल में प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस और एनएसयूआई कार्यकर्ताओं को पुलिस ने दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। प्रदर्शन की अगुवाई कर रहे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व केन्द्रीय मंत्री  अरूण यादव के तो सिर, हाथ और पैरों पर पुलिस ने लाठियां बरसाईं।जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया। 

प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा जारी किये गये प्रेस बयान के अनुसार पुलिस के बर्बर लाठी चार्ज में अरूण यादव समेत तीन दर्जन से ज्यादा नेता और कार्यकर्ताओं को गंभीर चोटें आयीं, जबकि एक सैकड़ा कार्यकर्ता और राहगीर भी पुलिस की बर्बरता के शिकार हुए।

अरूण यादव को तत्काल जेपी अस्पताल ले जाया गया, हालत गंभीर नजर आने पर डॉक्टरों ने उन्हें हमीदिया रेफर किया। प्रदेश कांग्रेस के पदाधिकारी श्री यादव को हमीदिया अस्पताल की बजाय पुराने चिरायु अस्पताल ले गये। जहां फिलहाल उनका इलाज चल रहा है। पारिवारिक सूत्रों ने श्री यादव की हालत नाजुक होने और उन्हें दिल्ली एयरलिफ्ट करने की संभावनाएं जताई हैं।

बयान में कहा गया है कि प्रदेश कांग्रेस ने सोमवार को भोपाल में प्रदर्शन का ऐलान किया था। प्रदेश कांग्रेस कमेटी का आरोप है कि हवाला कांड में पुलिस की शुरूआती जांच में साफ तौर पर फंस चुके शिवराज कैबिनेट के सदस्य संजय पाठक के खिलाफ कार्यवाही के बजाय मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान और उनकी पूरी सरकार संजय पाठक को बचाने में जुटी है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के पुत्र और कई अन्य नामी-गिरामी चेहरे पूरे मामले में उजागर होते देख मुख्यमंत्री श्री चौहान कटनी एसपी गौरव तिवारी को बदल दिया।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के बयान में आरोप लगाया गया है कि मुख्यमंत्री श्री चौहान और उनकी सरकार सही बात उठाने वाली कांग्रेस की आवाज दबाने के लिये दमनकारी नीति पर आमादा हो गई है। सरकार के इशारे पर सुनियोजित तरीके से पुलिस वालों ने पूर्व केन्द्रीय मंत्री श्री यादव को जमकर निशाना बनाया। सरकार का इशारा होने की वजह से ही पुलिस प्रोटोकॉल तक को भूल गई। श्री यादव के सिर पर डंडे मारने के अलावा हाथ-पैरों और पूरे शरीर पुलिस ने जमकर लाठियां भांजी।

बर्बर लाठीचार्ज में बुरी तरह जख्मी और सुध-बुध खो बैठे श्री यादव को अस्पताल पहुंचाने में भी जान-बूझकर विलंब किया। प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री श्री सज्जन वर्मा अस्पताल में पूरे समय मौजूद रहे और उन्होंने कार्यकर्ताओं एवं पीससी चीफ को चिरायु अस्पताल रेफर कराने में अहम भूमिका निभाई।

प्रेस बयान में यह भी कहा गया है कि सरकार के इशारे पर दमन पर आमादा पुलिस की बर्बरता का अंदाज इस बात से भी लगाया जा सकता है कि अनेक पुलिस वाले प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यालय में घुस गये और पीसीसी के भीतर कार्यकर्ताओं के अलावा अनेक कर्मचारियों पर भी लाठियां भांजी।

प्रेस बयान में कहा गया है कि मुख्यमंत्री श्री चौहान और उनकी सरकार के साथ पुलिस की दमनकारी कार्रवाई से कांग्रेसी भयभीत होने वाले नहीं हैं। लोकतंत्र का गला घोटने पर तुली प्रदेश सरकार की दमनकारी नीति का प्रदेश कांग्रेस और तीखा विरोध करेगी। प्रदेश भर में इस कार्रवाई के खिलाफ बड़ा आंदोलन कांग्रेस करेगी। हर जिला मुख्यालय पर मुख्यमंत्री के पुतले भी फूंके जायेंगे।

 

Kolar News 17 January 2017

Comments

Be First To Comment....

Page Views

  • Last day : 8796
  • Last 7 days : 47106
  • Last 30 days : 63782
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.