Advertisement
भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान बुधवार को कर्नाटक में चुनाव प्रचार करने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस और राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि ये झूठी गांरटी देने वाले हैं। 2018 में राहुल जी झूठा वादा करके मध्यप्रदेश में गए थे कर्जमाफी का, लेकिन कर्जा माफ नहीं किया। मुख्यमंत्री के बयान पर कमलनाथ ने पलटवार किया है। उन्हाेंने कहा है कि कांग्रेस सरकार ने कर्ज माफी की यह खुद शिवराज सरकार ने माना है। अब दूसरे राज्य में जाकर मुख्यमंत्री का झूठ बोलना क्या मप्र विधानसभा की अवमानना नहीं है?
कमलनाथ ने ट्वीट कर मुख्यमंत्री चौहान पर हमला करते हुए कहा कि लगता है शिवराज जी ने कसम खा ली है कि वह किसानों के मामले में हर रोज एक नया, हास्यास्पद और बे-सिर-पैर का झूठ बोलेंगे। 2 दिन पहले रीवा में उन्होंने कहा कि किसानों की आमदनी दोगुनी से अधिक कर दी है। जब जनता ने पूछा की रिपोर्ट दिखाओ तो मध्य प्रदेश की सीमा लांघ कर कर्नाटक में झूठ बोलने पहुंच गए।वहां कह रहे हैं कि मध्य प्रदेश में किसानों की कर्ज माफी नहीं की गई। जबकि मध्यप्रदेश विधानसभा के पटल पर उनकी सरकार ने खुद स्वीकार किया है कि प्रदेश में 27 लाख किसानों की कर्ज माफी कांग्रेस सरकार ने की।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि सदन में बोली गई बात को दूसरे प्रदेश में जाकर झूठा बताना क्या मध्यप्रदेश विधानसभा की अवमानना नहीं है, क्या यह मध्य प्रदेश की जनता का अपमान नहीं है, क्या यह जनमत की मानहानि नहीं है? शिवराज जी मध्य प्रदेश की जनता के इस अपमान के लिए आप मध्य प्रदेश की जनता से माफी मांगें।
बता दें कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को कर्नाटक में तीन सीटों पर प्रचार किया। उन्होंने कर्नाटक की हुक्केरी, रामदुर्गा और गोकक विधानसभा सीट पर प्रचार किया। यहां मुख्मयंत्री चौहान ने कहा कि कांग्रेस के बहकावे में मत आना। 2018 में राहुल बाबा मध्य प्रदेश में गारंटी देने आए थे कि सबका कर्जा माफ कर देंगे। जनता ने भी वोट दे दिये। पूरी सरकार नहीं बनी। अधूरी सरकार बनी। सवा साल में कर्जा माफ नहीं किया। झूठी निकल गई गारंटी। बेरोजगार नौजवानों को चार हजार रुपए देंगे। एक पैसा नहीं दिया। अब यहां गारंटी देने आ गए है। महिला को पैसा देंगे। बेरोजगारों को पैसा देगे। यह झूठे लोग है। यह याद रखना यह कभी वादा पूरा नहीं करते। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि कांग्रेस की पहचान 3सी है। करप्शन, क्राइम और कमीशन। लेकिन भाजपा की सरकार ने कर्नाटक में विकास के नए रिकॉर्ड बनाए हैं।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |