Advertisement
कोलार रोड के सर्वधर्म ब्रिज पर शनिवार को लगे जाम में स्थानीय विधायक रामेश्वर शर्मा की गाड़ी भी फंस गई। दोपहर में महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष मांडवी चौहान ने रैली निकाली। इस रैली के कारण एक बार फिर कोलार रोड पर खास तौर से सर्वधर्म क्षेत्र में जाम लग गया। सर्वधर्म कॉलोनी से लेकर ब्रिज तक वाहनों की कतार लग गई।
लेकिन इस ट्रैफिक को व्यवस्थित करने के लिए वहां कोई पुलिसकर्मी भी नहीं था। इसी बीच विधायक शर्मा भी कोलार आ रहे थे। ब्रिज पर लगी कतार में उनकी गाड़ी रुक गई। थोड़ी देर तक इंतजार के बाद शर्मा नीचे उतरे और उन्होंने खुद ही ट्रैफिक को व्यवस्थित करना शुरू कर दिया। शर्मा को सड़क पर उतरा देख कुछ ऑटो चालक भी वहां आ गए और उन्होंने भी उनकी मदद करना शुरू कर दी। इसी बीच ट्रैफिक पुलिस के जवान वहां आ गए और उन्होंने मोर्चा संभाल लिया। करीब बीस मिनट में ट्रैफिक व्यवस्थित हुआ।
पिछले दिनों शर्मा द्वारा आयोजित भागवत कथा के लिए आयोजित कलश यात्रा के कारण भी यहां लंबा जाम लग गया था। इसके बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने चूना भट्टी से गोल तिराहे तक करीब 13 किमी सड़क चौड़ीकरण और सौंदर्यीकरण की घोषणा की थी। अभी पीडब्ल्यूडी इस पर सर्वे करा रहा है।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |