Advertisement
भोपाल। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को सीबीआई द्वारा पूछताछ के लिए बुलाए जाने का मध्य प्रदेश में आम आदमी पार्टी ने विरोध किया। रविवार को भोपाल के रोशनपुरा चौराहे पर आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया और जमकर नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने कहा कि केंद्र सरकार जांच एजेंसियों का बेजा इस्तेमाल कर रही है।
आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं ने रामधुन गाकर केंद्र सरकार को सद्बुद्धि की कामना की। आप पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का कहना है कि केंद्र सरकार बेहतर काम करने वाली सरकार और अरविंद केजरीवाल को परेशान कर रही है। दिल्ली में हो रहे विकास कामों से भाजपा घबराई हुई है। भाजपा शासित राज्य विकास के मामले में दिल्ली की बराबरी नहीं कर पा रहे हैं और यही बात भाजपा और केंद्र सरकार को परेशान कर रही है।
आम आदमी पार्टी प्रवक्ता रमाकांत पटेल ने कहा कि विकास के मामले में बराबरी न कर पाने वाली भाजपा अब केवल आम आदमी पार्टी और उसके नेताओं को परेशान करने में जुटी है लेकिन उसके मंसूबे पूरे नहीं होंगे। आम आदमी पार्टी ईडी और सीबीआई से डरने वाली नहीं हैं। जनता सब समझ रही है और जनता भाजपा सरकार को इसका जवाब देगी। भोपाल के अलावा ग्वालियर, इंदौर, रीवा, सागर समेत सभी जिलों में भी आम आदमी पार्टी ने केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |