Advertisement
सागर। गोपालगंज थाना क्षेत्र के पीटीसी ग्राउण्ड के पास स्थित पुलिस क्वार्टर में बीती रात एक आरक्षक ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। बीती रात पत्नी से उसका झगड़ा हुआ था, जिसके बाद उसने यह आत्मघाती कदम उठाया। मृत आरक्षक की पत्नी भी पुलिस विभाग में कार्यरत है। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार जवाहर लाल नेहरू पुलिस अकादमी में पदस्थ आरक्षक दीपक पटैरिया 32 वर्ष बुधवार की रात अकादमी के पीटीसी ग्राउण्ड के पास स्थित अपने क्वार्टर पहुंचा, जहां रात करीब 10 बजे पत्नी से उसका विवाद हो गया। विवाद के बाद मचे शोर-शराबे से आसपास के लोग भी समझ गए, कि पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो रहा है। कुछ देर बाद पत्नी ने पड़ोसियों को बुलाया। पत्नी ने बताया कि दीपक घर के कमरे में अंदर से दरवाजा बंद कर के घुस गया है, और गेट नहीं खोल रहा। पड़ोसियों ने खिडक़ी से झांक कर देखा तो दीपक फंदे पर झूलता दिखा। उन्होंने कमरे का दरवाजा तोड़ा और अंदर गए। घटना की सूचना रात में ही पुलिस को दी गई। तत्काल ही पुलिस क्वार्टर में पहुंची, जहां दीपक की पत्नी ने बताया कि विवाद के बाद दीपक ने अपने आप को कमरे में बंद कर लिया था। जब पत्नी ने दरवाजा खोलने को कहा तो उसने नहीं खोला। जिसके बाद उसने पड़ोसियों को जानकारी दी। पुलिस ने रात में ही शव को फंदे से नीचे उतार कर उसे पीएम के लिए भेज दिया। सुबह बीएमसी में शव का पीएम कराकर उसे परिजनों को सौंप दिया गया, जहां से परिजन शव को स्टेशन पथरिया स्थित अपने पैतृक गांव ले गए। मृत आरक्षक दीपक की पत्नी जेएनपीए में पदस्थ है। पति-पत्नी के बीच किस बात को लेकर विवाद हुआ, इसका खुलासा अभी नहीं हो पाया है। दीपक अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। पुलिस मर्ग कायम कर जांच कर रही है।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |