Advertisement
ग्वालियर में एक नवविवाहिता की फांसी लगाकर मौत ने पुलिस को उलझा दिया है। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस को दो सुसाइड नोट मिले हैं। यही पुलिस की उलझन है। एक सुसाइड नोट महिला के उल्टे हाथ की हथेली पर लिखा है, जो नीले रंग की पेन से लिखा गया है। यह सुसाइड नोट तब पुलिस को दिखा जब पुलिस शव की जांच कर रही थी। इससे पहले पास ही एक कॉपी पर लिखा नोट मिला है।इसमें लिखा है- मैं अपनी मौत के लिए स्वयं जिम्मेदार हूं। मायके वाले और ससुराल वाले कोई जिम्मेदार नहीं होगा। पर परेशानी यह है कि यह सुसाइड नोट ब्लैक स्याही से लिखा गया है। रूम में एक पेन पड़ा मिला है, जिसमें नीले रंग की स्याही है। अब यह सुसाइड नोट पुलिस के लिए मिस्ट्री बन गया है। सुसाइड नोट की सत्यता जानने के लिए पुलिस अब हैंड राइटिंग एक्सपर्ट से इनकी जांच कराएगी।शहर के ग्वालियर थाना स्थित लधेड़ी निवासी आकाश कुशवाह की शादी तीन साल पहले साल 2020 में नरवर शिवपुरी निवासी 23 वर्षीय नेहा कुशवाह के साथ हुई थी। आकाश एक निजी अस्पताल में कर्मचारी है। शादी के बाद से नेहा परेशान थी। रविवार शाम को नेहा का पति नीचे रूम में था। ऊपर मंजिल पर नेहा ने बेड शीट का फंदा बनाकर फांसी लगा ली। घटना का पता उस समय चला जब नेहा का पति आकाश रूम में पहुंचा। पत्नी को फांसी पर लटका देख उसने तत्काल परिजन व पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। खुद सीएसपी ग्वालियर संदीप मालवीय वहां पहुंचे। पुलिस ने शव को निगरानी में लेकर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस ने शिवपुरी के नरवर में मृतका के मायके पक्ष को सूचना देकर शव को डेड हाउस में रखवा दिया है। परिजन देर रात ग्वालियर पहुंचे हैं। सोमवार सुबह मृतका के शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस ने फिलहाल मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |