Advertisement
ग्वालियर। पति को छोड़कर प्रेमी के साथ रहना एक महिला को भारी पड़ गया। पति ने देर रात प्रेमी के घर जाकर उसके ऊपर प्राणघातक हमला कर दिया। पति ने प्रेमी का चाकू से सोते समय गला रेत दिया। मौके से भागे आरोपी को पुलिस ने घेराबंदी कर दबोच लिया। घायल को तत्काल उपचार के लिए चिकित्सालय में भर्ती कराया जहां उसकी हालत नाजुक बताई गई है।
आंतरी थाना क्षेत्र स्थित ग्राम कल्याणी निवासी मोनू (26) पुत्र छत्तासिंह गौड़ गुढ़ा का नाका की रहने वाली आरती नाम की महिला के साथ एक वर्ष से ज्यादा समय से लिव इन रिलेशन में रह रहा है। आरती का अपने पति हेमंत पुत्र पुरषोत्तम कुशवाह से एक वर्ष पहले विवाद हो जाने पर वह उसे छोड़कर मोनू के पास रहने कल्याणी आ गई थी। शुक्रवार की रात तीन बजे के करीब मोनू अपने घर में सो रहा था तभी हेमंत कल्याणी गांव पहुंच गया। हेमंत दबे पांव छत के रास्ते कमरे में उस स्थान पर पहुंचा जहां पर मोनू सो रहा था। हेमंत ने जेब से चाकू निकाला और मोनू की छाती पर बैठ गया। जब मोनू की नींद खुलती हेमंत ने उसका चाकू से गला रेत दिया। मोनू की चीख सुनकर आरती की नींद खुली उसने अपने पति हेमंत को भागते हुए देख लिया। हेमंत ने अपनी पत्नी पर हमला नहीं किया जबकि वह भी मोनू के पास ही सो रही थी। मोनू को लहुलुहान करने के बाद हेमंत ने गांव में दौड़ लगा दी। इधर घर में मोनू की चीख पुकार सुनकर परिजन जाग गए और घायल हालत में लेकर उसे थाने पहुंचे। मोनू की हालत को देखते हुए पुलिस ने तत्काल चिकित्सालय में उपचार के लिए भेजा। पुलिस ने हेमंत की गांव में तलाश की तो वह हाथ लग गया। गले में गहरा घाव होने के कारण मोनू की हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 307 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |