Advertisement
सागर। जिले के देवरी नगर के सराफा मार्केट में सोमवार-मंगलवार की दरम्यानी रात एक मकान में आग लग गई। आगजनी में मकान में सो रहे वृद्ध दंपति की मौत हो गई। सूचना के बाद पुलिस और फायर बिग्रेड मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया। आग बुझाने के दौरान देवरी नगर पालिका के उपाध्यक्ष का हाथ भी बुरी तरह से झुलस गया। आगजनी में मकान जलकर पूरी तरह खाक हो गया। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार शास्त्री वार्ड के सराफा बाजार में सोमवार-मंगलवार की रात करीब दो बजे एक मकान के अंदर से स्थानीय लोगों ने आग की लपटें उठती देखीं, उन्होंने इसकी सूचना पुलिस और फायर बिग्रेड को दी। तत्काल ही पुलिस और दमकलकर्मी मौके पहुंचे, लेकिन तब तक आग ने पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया था। तत्काल ही सागर मुख्यालय, रहली, सुरखी से भी दमकल की गाडिय़ां मौके पर रवाना हुई। और आग बुझाने में जुट गईं। इस आगजनी में मकान में सो रहे वृद्ध रामेश्वर नेमा 72 वर्ष और उनकी पत्नी जानकी की मौके पर ही मौत हो गई। रात दो बजे से सुबह 7 बजे तक आग पर काबू पाने का प्रयास जारी रहा।
बताया जा रहा है कि मकान के नीचे ही कपड़े की दुकान भी थी। इस आगजनी में मकान और दुकान का सारा सामान जलकर खाक हो गया। मकान में लगी आग को देखकर आसपास के लोगों की भीड़ इकठ्ठी हो गई। सभी लोग आग बुझाने में जुट गए थे। नगर पालिका उपाध्यक्ष नईम खान भी आग बुझाने के दौरान झुलस गए। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। बताया जा रहा है कि मकान में केवल नेमा दंपत्ति ही रहते थे। फिलहाल पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |