Advertisement
भोपाल। आम आदमी पार्टी ने सिंगरौली की महापौर रानी अग्रवाल को मध्यप्रदेश में प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। इस संबंध में आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव संदीप पाठक ने गुरुवार को उनके आदेश जारी कर दिए हैं। अब रानी अग्रवाल अपनी टीम तैयार करेंगी, जो विधानसभा चुनाव में अपना कौशल दिखाएगी। इसके अलावा, निवर्तमान अध्यक्ष पंकज सिंह को राष्ट्रीय संयुक्त सचिव बनाया गया है।
उल्लेखनीय है कि हरियाणा, कर्नाटक और छत्तीसगढ़ के बाद पार्टी ने मध्य प्रदेश की कार्यकारिणी को 29 जनवरी 2023 को भंग कर दिया था। इसके बाद से राष्ट्रीय नेता मध्य प्रदेश का लगातार दौरा कर रहे थे। रानी अग्रवाल का प्रदेश अध्यक्ष बनना पिछले दिनों भोपाल में आयोजित पार्टी के कार्यकर्ता सम्मेलन में ही तय हो गया था। सम्मेलन में आए पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अरविंद केजरीवाल से उनकी मुलाकात हुई थी। उल्लेखनीय है कि पार्टी ने नवंबर में होने वाले विधानसभा चुनाव में प्रदेश के सभी 230 विधानसभा सीटों से प्रत्याशी उतारने का एलान किया है।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |