Advertisement
ग्वालियर। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के संस्थापक कांशीराम की 89वीं जयंती के बहाने पार्टी ने मध्यप्रदेश में चुनावी अभियान का आगाज कर दिया है। बुधवार को ग्वालियर में एक सभा का आयोजन किया गया, जिसमें बसपा नेता भाजपा और कांग्रेस पर जमकर बरसे। सभा में दमोह के पथरिया क्षेत्र से बसपा विधायक रामबाई ने सिंधिया के लिए बड़ी बात कह दी। उन्होंने कहा कि ग्वालियर काहे का सिंधिया का गढ़। यह जनता का गढ़ है। उन्होंने अपने हित के लिए पार्टी बदल ली।
ग्वालियर में फूल बाग मैदान पर आयोजित बसपा के सम्मेलन में निवाड़ी के भाजपा नेता व प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अवधेश प्रताप सिंह राठौर ने भी बसपा की सदस्यता ली। सम्मेलन में उत्तरप्रदेश से राज्यसभा सदस्य रामजी गौतम भी शामिल हुए।
यहां पत्रकारों ने विधायक रामबाई से पूछा कि ग्वालियर सिंधिया का गढ़ है। यहां बसपा चुनाव में कैसे आगे बढ़ेगी? इस पर रामबाई का पारा चढ़ गया। उन्होंने कहा कि ‘काहे का सिंधिया का गढ़, यह जनता का गढ़ है। सिंधिया ने कौन जनता के लिए दल बदला है, वे तो अपने लिए पार्टी बदले हैं। अपने हित के लिए दल बदल कर दूसरी पार्टी में चले गए, काहे का गढ़। जनता जब करवट लेती है, तो अच्छे अच्छों को धूल चटा देती है। सिंधिया क्या हारे नहीं? दूसरी पार्टी में जाकर पहले की पार्टी की बुराई करने लगे। ऐसा काम ही क्यों करो कि अपनी पहली पार्टी की बुराई करनी पड़े, इसलिए अपनी ही पार्टी में रहो, वो बढ़िया है।
बसपा में नहीं, भाजपा में बिकते हैं टिकट
एक सवाल के जवाब में विधायक रामबाई ने कहा कि बसपा में नहीं, बल्कि भाजपा में टिकट बिकते हैं। भाजपा में टिकट का हिसाब ही यह है कि ज्यादा पैसे दे जाओ और टिकट ले आओ। मैं बसपा का उदाहरण हूं। एक रुपया खर्च किए बिना टिकट लिया और जीती भी। अगर बसपा की सरकार बनती है, तो आपको वो सभी सुविधाएं मिलेंगी, जिनके आप हकदार हैं। एक कार्यकर्ता अगर 10 लोगों को बसपा को वोट करने के लिए प्रेरित करेगा, तो हमारी सरकार बन जाएगी।
सभी 230 सीटों पर चुनाव लड़ेगी बसपा
विधायक रामबाई ने दावा किया कि बसपा प्रदेश में सभी 230 सीट पर चुनाव लड़ने जा रही है। सभी पर बहुमत मिलेगा। यदि बहुमत नहीं भी मिलता है, तो यह तो पक्का है कि हमारे बिना किसी की सरकार नहीं बनेगी। सम्मेलन में राज्यसभा सांसद रामजी गौतम ने भी बसपा की सरकार बनाने का दावा किया। उन्होंने कहा कि जनता का हमें समर्थन मिल रहा है। बसपा बड़ी पार्टी है। प्रदेश में इस बार बसपा के पास ही सरकार बनाने की चाबी होगी।
‘आप’ का मप्र में वजूद नहीं
विधायक रामबाई से जब पूछा गया कि तीसरे दल के रूप में आम आदमी पार्टी ने हुंकार भर दी है। इस पर उन्होंने कहा कि "आप" का अभी मध्यप्रदेश में वजूद नहीं है। कहीं भी दो से तीन हजार वोट से ज्यादा नहीं मिल रहे। अभी उन्हें समय लगेगा, लेकिन बहुजन समाज पार्टी इस बार सत्ता की चाबी अपने पास रखेगी।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |