Advertisement
पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने मोदी-शाह, शिवराज-नरोत्तम और भाजपा-संघ पर निशाना साधा है। उन्होंने शुक्रवार को अपने विंध्य दौरे की शुरुआत की। सतना में इशारों में ही सिंधिया पर भी प्रहार किया और भाजपा के मॉडल को भ्रष्टाचार को पालने-बढ़ाने वाला कहा। उन्होंने कहा, भाजपा का लक्ष्य सेवा नहीं सिर्फ सत्ता है। भाजपा व्यवसाय के लिए सत्ता चाहती है, जबकि संघ हर चीज का केन्द्रीयकरण करना चाहता है। संघ लोकतंत्र का विरोधी है।
दिग्विजय बोले- गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा को यह तो दिख जाता है कि दीपिका पादुकोण ने पठान फिल्म में किस रंग के कपड़े पहने थे, लेकिन हनुमान जी के सामने फूहड़ डांस नहीं दिखता, क्योंकि वहां मंच पर उनकी पार्टी के लोग बैठे थे। उन्हें यह भी नहीं दिखता कि सतना में सर्किट हाउस के सामने गोली मार कर 22 लाख रुपए लूट लिए जाते हैं। उसके लिए चोरी की बाइक का इस्तेमाल होता है, जिसकी चोरी की रिपोर्ट भी 3 दिन पहले नही लिखी गई थी।
प्रदेश की सत्ता में कांग्रेस की सौ प्रतिशत वापसी का दावा करते हुए सिंह ने कहा, पिछली बार किसे पता था सिंधिया जी बिक जाएंगे। इस बार हम बिकाऊ नहीं टिकाऊ माल को जिता कर लाएंगे। प्रत्याशियों ये चयन में नए-पुराने चेहरों के सवाल पर बोले- उनका काम जनता और कार्यकर्ताओं से संवाद करना है। प्रत्याशी कौन होगा ये पार्टी तय करेगी। वे अपनी रिपोर्ट पार्टी नेतृत्व को देंगे। पांच महीने भारत जोड़ो यात्रा में रहे अब हम फिर घूमने निकल पड़े हैं। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के असर का जिक्र करते हुए दिग्विजय ने कहा- उससे बड़ा फर्क पड़ा है, इसीलिए संघ प्रमुख मोहन भागवत को भी मदरसे जाना पड़ा है।प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि भाजपा की सरकार में महंगाई और भ्रष्टाचार बढ़ा है। दुनिया मे 160वें नंबर पर रहा उद्योगपति अब तीसरे नंबर पर है। भाजपा का मॉडल ऐसा है, जिसमें भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिलता है और उनके नेता एवं उनसे जुड़े व्यापारी लाभान्वित होते हैं। गोसेवा और रक्षा के नाम पर कमाई की जा रही है। गायों को दुर्दशा का शिकार बनाया जा रहा है। किसानों पर मार पड़ रही है। आदिवासियों के विकास के पैसों से पंडाल सजा कर सभाएं की जा रही हैं। उन्होंने कहा- सत्ता हासिल करने के लिए भाजपा ईडी, आईटी और सीबीआई का सहारा ले रही है। विरोध जताने वालों पर रेड डलवाई जा रही है।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |