Advertisement
इंदौर। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को भोपाल में आयोजित एक विशाल कार्यक्रम में मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना का शुभारंभ किया। इस अवसर पर इंदौर जिले का जिला स्तरीय कार्यक्रम जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट के मुख्य आतिथ्य में ग्राम डकाचिया में आयोजित किया गया। भोपाल में आयोजित शुभारंभ कार्यक्रम की साक्षी बनने के लिए इंदौर से चार हजार महिलाएं भोपाल पहुंची।
इंदौर में आयोजित कार्यक्रम में मंत्री तुलसीराम सिलावट ने कहा कि मुख्यमंत्री चौहान ने अपने जन्मदिन पर महिलाओं को एक बड़ा उपहार दिया है। उन्होंने सशक्त नारी, सशक्त परिवार, सशक्त समाज, सशक्त प्रदेश,सशक्त देश के निर्माण के लिए मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना शुरू की है। यह देश में अपने तरह की पहली एवं अनूठी योजना है। इस योजना से जहां एक और महिलाओं का आर्थिक कल्याण होगा, वहीं दूसरी ओर उनका सम्मान भी परिवार और समाज में बढ़ेगा। महिलाएं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर होगी। यह योजना एक क्रांतिकारी पहल साबित होगी।
मंत्री सिलावट ने सभी महिलाओं से आग्रह किया कि वे आगे आकर इस योजना का लाभ उठाएं। यह योजना उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव का कारगर माध्यम बनेगी। उन्होंने योजना के लाभ से भी महिलाओं को अवगत कराया। उन्होंने योजना के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से आग्रह किया कि वे अधिक से अधिक महिलाओं को इस योजना के अंतर्गत लाभान्वित करने का प्रयास करें।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि इस योजना के अंतर्गत कोई भी पात्र महिला लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए। सिलावट ने उपस्थित महिलाओं का सम्मान किया। उन्होंने लाड़ली लक्ष्मी बेटियों का पूजन भी किया। उन्होंने उपस्थित जनों को बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का संकल्प दिलवाया। कार्यक्रम में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी वंदना शर्मा ने योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |