Advertisement
उज्जैन। उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को दोपहर में उज्जैन दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के तीन ग्रामों में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के अन्तर्गत अमृत सरोवर तालाब निर्माण कार्यों का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिये कि तालाबों का निर्माण कार्य बारिश के पूर्व अनिवार्य रूप से पूर्ण किये जाए। उन्होंने कहा कि अमृत सरोवर तालाबों के निर्माण से जल का स्तर बढ़ेगा और सबको जल मिलेगा। तालाबों के निर्माण कार्य से जल का संग्रहण होगा। इससे तालाबों के आसपास के खेतों में जल स्तर बढ़ेगा। पशुओं को पीने के लिये पानी उपलब्ध होगा। जलाभिषेक अभियान के अन्तर्गत तालाबों के निर्माण कार्य से आसपास सूखा न रहेगा एवं जल की वृद्धि होगी। तीन ग्रामों में बन रहे अमृत सरोवर तालाबों की लागत 33 लाख 59 हजार 551 रुपये है।
उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. यादव ने रविवार को दोपहर में सर्वप्रथम ग्राम मगरिया के पास बन रहे तालाब निर्माण कार्य का अवलोकन कर सम्बन्धित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। तालाब के निर्माण कार्य पूर्ण होने से बरसात का पानी आसपास के नालों का पानी तालाब में आयेगा। मगरिया ग्राम के समीप बनने वाले तालाब की लागत 11 लाख 40 हजार 551 रुपये है। इसी तरह उन्होंने ग्राम पंचायत पिपल्याराघौ के ग्राम छायन में निर्मित हो रहे तालाब निर्माण कार्य का अवलोकन किया। ग्राम छायन में निर्मित हो रहे तालाब की लागत 12 लाख 14 हजार रुपये है।
उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. यादव ने इसके बाद ग्राम गंगेड़ी के पास बनने वाले मनरेगा के अन्तर्गत तालाब निर्माण कार्य का अवलोकन कर जनपद पंचायत के उपयंत्री को बारिश के पूर्व तालाब का निर्माण कार्य अनिवार्य रूप से पूर्ण किया जाये, ताकि बरसात के पानी का संग्रहण तालाब में हो सके। इस तालाब के निर्माण कार्य की लागत नौ लाख 97 हजार रुपये है।
जलाभिषेक अभियान में वर्षा के जल को संरक्षित करना आवश्यक है, जिससे भविष्य के लिये अधिक से अधिक वर्षा का जल संग्रहित किया जा सके। इसमें हम सबकी जिम्मेदारी है। जिन गांवों में अमृत सरोवर बनाये जा रहे हैं, उनका निर्माण कार्य ठीक हो। उनमें किसी भी प्रकार की कमी न रहे। तालाबों के आसपास वृक्षारोपण का कार्य भी करने के निर्देश दिये।
तीनों तालाबों के निर्माण कार्य पूर्ण होने से 10-10 हजार घनमीटर पानी का संग्रहण हो सकेगा। इस अवसर पर उज्जैन ग्रामीण राजस्व अनुविभागीय अधिकारी गोविन्द दुबे, उपयंत्री समीर सोनाने, उपयंत्री यास्मिन मंसूरी, रविशंकर वर्मा, शोभाराम मालवीय, ग्राम पंचायत पिपल्याराघौ के सरपंच पति भुवानसिंह मालवीय, ग्राम पंचायत सचिव राजेश पाटीदार आदि उपस्थित थे।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |