Advertisement
भोपाल। गांधीसागर पम्प्ड हाइड्रो स्टोरेज परियोजना जहां एक ओर देश को 1920 मेगावाट की बड़ी ऊर्जा भंडारण क्षमता देने जा रही है वहीं दूसरी ओर गांधीसागर जलाशय का पूरा क्षेत्र अब मध्यप्रदेश के सबसे बड़े बहुद्देशीय विकास मॉडल के रूप में उभर रहा है जहां बिजली उत्पादन के साथ-साथ पेयजल, सिंचाई, मत्स्य पालन, वन्यजीव संरक्षण, पुरातात्विक धरोहर और साहसिक पर्यटन को एक ही स्थान पर विकसित किया जा रहा है जिससे मंदसौर और नीमच जिलों के हजारों परिवारों की आजीविका में सीधा बदलाव आएगा और स्थानीय युवाओं को अपने ही क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर मिलेंगे।
चंबल नदी पर बना गांधीसागर जलाशय एशिया के प्रमुख मानव निर्मित जलाशयों में गिना जाता है और यहां पहले से संचालित 115 मेगावाट का जलविद्युत गृह प्रदेश को सस्ती, विश्वसनीय और हरित ऊर्जा दे रहा है और अब इसके ऊपर फ्लोटिंग सोलर परियोजनाओं को भी गति दी जा रही है जिससे पानी की सतह का उपयोग बिजली बनाने में होगा और जमीन की बचत भी होगी जबकि जलाशय में बड़े स्तर पर वैज्ञानिक मत्स्य पालन किया जा रहा है और मछुआरा सहकारी समितियों को आधुनिक जाल, नौकाएं, वित्तीय सहायता और मार्केट लिंकेज देकर उनकी आय बढ़ाई जा रही है जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिल रही है।
हर घर जल अभियान के तहत गांधीसागर समूह जल प्रदाय योजना मंदसौर और नीमच के दूरस्थ गांवों तक शुद्ध पेयजल पहुंचा रही है और प्रधानमंत्री सूक्ष्म सिंचाई योजना के तहत किसानों को ड्रिप और स्प्रिंकलर जैसी दबावयुक्त पाइप प्रणाली से सिंचाई सुविधा दी जा रही है जिससे कम पानी में ज्यादा उत्पादन होगा और जल संरक्षण के साथ किसानों की लागत भी घटेगी और आमदनी भी बढ़ेगी।
पर्यावरण और वन्यजीव की दृष्टि से गांधीसागर अभयारण्य को कूनो के बाद चीतों के दूसरे प्राकृतिक आवास के रूप में विकसित किया गया है और यह इलाका देश में गिद्धों की सबसे बड़ी आबादी और चंबल नदी के मगरमच्छों के सुरक्षित प्रजनन के लिए जाना जाता है जबकि सांस्कृतिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए परमार कालीन हिंगलाजगढ़ किले का जीर्णोद्धार किया जा रहा है और चतुर्भुजनाथ नाला की विश्व प्रसिद्ध प्रागैतिहासिक रॉक आर्ट यानी भित्ति चित्रों को संरक्षित कर पुरातात्विक पर्यटन का नया केंद्र बनाया जा रहा है।
इसी कड़ी में गांधीसागर फ्लोटिंग फेस्टिवल, टेंट सिटी और वॉटर स्पोर्ट्स तथा एडवेंचर गतिविधियों के माध्यम से पर्यटकों की संख्या लगातार बढ़ रही है जिससे स्थानीय युवाओं को गाइड, हॉस्पिटैलिटी, बोटिंग, हस्तशिल्प और होम-स्टे जैसे क्षेत्रों में रोजगार मिल रहा है और आने वाले समय में जब 11500 करोड़ की पम्प्ड हाइड्रो स्टोरेज परियोजना पूरी तरह चालू हो जाएगी तो गांधीसागर की पहचान केवल एक बांध के रूप में नहीं बल्कि हरित ऊर्जा, पर्यटन, संस्कृति और समृद्धि के संगम के रूप में पूरे देश में स्थापित हो जाएगी।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |