Advertisement
भोपाल। मध्यप्रदेश में कांग्रेस संगठन को मजबूत करने और सामाजिक न्याय की विचारधारा को आगे बढ़ाने की दिशा में आज प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी एवं विधायक आरिफ मसूद के नेतृत्व में भीम आर्मी के कई प्रदेश एवं जिला स्तरीय पदाधिकारियों ने कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक भी उपस्थित रहे।
कांग्रेस की सदस्यता लेने वालों में भीम आर्मी के प्रदेश सचिव विलास पटेल, प्रदेश महासचिव शसत्येंद्र विमल, विधि प्रभारी डकेश पाटिल, विधानसभा अध्यक्ष नागेश, जिला अध्यक्ष श्रंजीत दामले, जिला उपाध्यक्ष नीलेश हेरोडे एवं प्रकाश वानखेड़े सहित अन्य पदाधिकारी शामिल हैं।
इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री जीतू पटवारी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी संविधान, सामाजिक न्याय, समानता और लोकतांत्रिक मूल्यों में विश्वास रखने वाले प्रत्येक व्यक्ति का स्वागत करती है। कांग्रेस की विचारधारा से जुड़कर संगठन को मजबूत करने वाले सभी साथियों का पार्टी में स्वागत है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा पार्टी से दूर हो चुके नेताओं और कार्यकर्ताओं को पुनः संगठन से जोड़ने के लिए ‘घर वापसी’ कार्यक्रम की योजना बनाई जा रही है। इस अभियान को जिला कांग्रेस कमेटियों की सहमति और समन्वय से आगे बढ़ाया जाएगा। प्रदेश कांग्रेस को अब तक घर वापसी के लिए 600 से अधिक आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। इनमें 200 से अधिक वर्तमान एवं पूर्व जिला अध्यक्षों, विधायकों, पूर्व विधायकों और पूर्व मंत्रियों के आवेदन शामिल हैं। यह पहल पुराने साथियों को फिर से संगठन से जोड़ने और कांग्रेस की संगठनात्मक ताकत बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने कहा कांग्रेस छोड़कर गए नेताओं की वापसी के संबंध में कहा उचित समय पर जिला कांग्रेस कमेटियों की सहमति एवं विचार-विमर्श के बाद कांग्रेस में वापसी की जाएगी। कांग्रेस का उद्देश्य सभी पुराने साथियों को साथ लेकर संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करना और जनहित के मुद्दों पर संघर्ष को अधिक प्रभावी बनाना है। पार्टी संविधान की रक्षा, सामाजिक न्याय और आम जनता के अधिकारों के लिए अपनी प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ती रहेगी।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |