Video

Advertisement


जैव विविधता का संरक्षण जीवन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण : मंत्री अहिरवार
bhopal, Conservation of biodiversity, Minister Ahirwar
भोपाल। वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री दिलीप सिंह अहिरवार ने कहा कि जैव विविधता का संरक्षण हमारे जीवन के लिये अत्यंत महत्वपूर्ण है। हमें जैव विविधता के महत्व को समझने और उसके संरक्षण के लिये प्रयास करने होंगे। उन्होंने कहा कि जैव विविधता के संरक्षण के लिये सरकार के साथ मिलकर समाज को भी काम करना होगा।


मंत्री अहिरवार गुरुवार को अंतरराष्ट्रीय जैव विविधता दिवस पर भोपाल के नरोन्हा प्रशासन अकादमी में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि वन विभाग द्वारा संघर्ष एवं चुनौती के साथ प्रकृति और पेड़-पौधों को संरक्षित करने का सराहनीय कार्य किया जा रहा है। पथरीली जमीन पर भी कठिन परिश्रम से पौधे लगाकर वन तैयार करने का प्रशंसनिय कार्य वन विभाग के अधिकारी कर रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मार्गदर्शन में विलुप्त हो रहे जीवों के संरक्षण का कार्य किया जा रहा है।


उन्होंने कहा कि हाल ही में विलुप्त हो रहे किंग कोबरा को वन विहार में बेंगलुरू (कर्नाटक) से लाया गया है। वन विभाग गिद्ध, घड़ियाल और मगरमच्छ के भी संरक्षण का कार्य कर रहा है। मंत्री अहिरवार ने अंतरराष्ट्रीय जैव विविधता दिवस पर सभी को बधाई और शुभकामनाएं दीं।


वन राज्य मंत्री अहिरवार ने अंतरराष्ट्रीय जैव विविधता दिवस पर राज्य स्तरीय वार्षिक जैव विविधता पुरस्कार, राज्य स्तरीय वार्षिक जैव विविधता पुरस्कार 2023-24 और मध्य प्रदेश राज्य स्तरीय जैव विविधता क्विज प्रतियोगिता के पुरस्कारों का वितरण किया। उन्होंने इस अवसर पर जैव विविधता पर आधारित पोस्टर का विमोचन भी किया। मंत्री अहिरवार ने कार्यक्रम स्थल पर जैव विविधता वनस्पति स्टॉल प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने कार्यक्रम में जैव विविधता आधारित नुक्कड़ नाटक भी देखा।


वन विभाग के अपर मुख्य सचिव अशोक वर्णवाल ने कहा कि जैव विविधता दिवस का उद्देश्य प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और उसके महत्व को बढ़ावा देना है। कि इस वर्ष की थीम "प्रकृति के साथ सामंजस्य और सतत् विकास" है, जो हमें प्रकृति के साथ संतुलन बनाने और उसके संरक्षण के लिये प्रेरित करती है।


प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख असीम श्रीवास्तव ने कहा कि वन विभाग द्वारा जैव विविधता के क्षेत्र में कई नवाचार किये जा रहे हैं। विभाग द्वारा जंगलों के संरक्षण का कार्य प्राथमिकता के साथ किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वनस्पति और जीव-जंतुओं का संरक्षण जैव विविधता के संरक्षण के लिये महत्वपूर्ण है। वन बल प्रमुख श्रीवास्तव ने कहा कि वन विभाग द्वारा वृक्षारोपण का कार्य किया जा रहा है, जिससे वन क्षेत्र में वृद्धि होगी और जैव विविधता का संरक्षण होगा। मुख्य वन संरक्षक एवं सदस्य सचिव मध्यप्रदेश राज्य जैव विविधता बोर्ड श्री सुदीप सिंह ने जैव विविधता बोर्ड द्वारा की जा रही उपलब्धियों की जानकारी कार्यशाला में साझा की। उन्होंने कहा कि जैव विविधता बोर्ड द्वारा नये अभियान चलाकर जैव विविधता का संरक्षण का किया जा रहा है।


अंतरराष्ट्रीय जैव विविधता कार्यशाला एवं संगोष्ठी में तकनीकी एवं विचार विमर्श सत्र आयोजित किये गए। इन सत्रों में विषय विशेषज्ञों द्वारा जैव विविधता के बारे में जानकारी दी गई। कार्यशाला में जैव विविधता पर केन्द्रीत थीम सॉन्ग की प्रस्तुति भी की गई। इस अवसर पर वन विभाग के अधिकारी/कर्मचारी, प्रकृ‍ति प्रेमी एवं नागरिक उपस्थित रहे।

 

Kolar News 22 May 2025

Comments

Be First To Comment....

Page Views

  • Last day : 8796
  • Last 7 days : 47106
  • Last 30 days : 63782
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.