Video

Advertisement


चित्तौडा में श्रीमद भागवत कथा में शामिल हुए मुख्यमंत्री
indore, Chief Minister participated ,Shrimad Bhagwat Katha
इंदौर । मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि सनातन संस्कृति का अपना विशेष महत्व है। मनुष्य जीवन सत्कर्म के लिए प्राप्त हुआ है। कथा श्रवण के माध्यम से हमें जीवन दर्शन की राह मिलती है, जो हमें सद्मार्ग की ओर चलने के लिए सदैव प्रेरित करती है। भगवत गीता से हमें कर्म के प्रति आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है, इसलिए आवश्यक है कि प्रत्येक व्यक्ति ऐसे सदकर्म करें जिससे उनकी भावी पीढ़ी पुण्य के मार्ग पर चले और मनुष्य जीवन को सार्थक बनाए।


मुख्यमंत्री डॉ. यादव मंगलवार को इंदौर जिले के सांवेर स्थित चित्तौडा में श्रीमद्भागवत गौशाला में आयोजित भागवत कथा में उपस्थित श्रृद्धालुओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि गौमाता की सेवा भगवान की सेवा के समान है। संत कमल किशोर नागर महाराज गौ सेवा के एक बड़े संकल्प के साथ आगे बढ़ रहे है। संतश्री के प्रयासों से मालवा, निमाड़, आदिवासी अंचल सहित प्रदेश भर में गौमाताओं के पालन का दायित्व निस्वार्थ भाव से किया जा रहा है, जो प्रशंसनीय और वंदनीय है।


चित्तौड़ा गौशाला की भूमि होगी श्रीमद् भागवत गौशाला के नाम
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने श्रीमद भागवत गौशाला चित्तौडा की भूमि को गौशाला के नाम करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा गीता जयंती के आयोजन के माध्यम से पूरे प्रदेश में भगवान श्रीकृष्ण के कर्म के संदेश को पहुंचाने का कार्य किया गया है। संत कमल किशोर नागर के द्वारा निस्वार्थ भाव से गौशाला संचालन के लिए जो पुनीत कार्य की अलख जगाई गई है, वह वंदनीय है। संतश्री ने गौशाला संचालन के साथ-साथ कई आदर्श निर्मित किए हैं जो समाज को एक नई दिशा देने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने प्रदेश के जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट के प्रयासों की भी प्रशंसा की।


मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में नदी जोड़ो अभियान विकास को एक नई दिशा देने का कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 25 दिसम्बर को केन-बेतवा नदी जोड़ो अभियान के माध्यम से विकास को एक नई दिशा देंगे। प्रदेश में दो नदी जोड़ो अभियान से लगभग 25 जिलों के बडे़ क्षेत्रों में सिंचाई का रकबा बढे़गा, जिससे मालवा और बुंदेलखंड को विकास की एक नई दिशा मिलेगी। नदी जोड़ो अभियान से प्रदेश का बड़ा क्षेत्र लाभान्वित होगा।


मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने गोवंश पालन को प्रोत्साहित करने के लिए विशेष प्रयास किए हैं। घर-घर गोपाल और गांव-गांव वृंदावन बने, इसके लिए प्रदेश के 313 ब्लॉक के एक-एक गांव में जहां 500 से अधिक गोवंश होगा, उनको वृंदावन गांव बनाकर आदर्श गांव के रूप में विकसित करेंगे। वहीं 10 से अधिक गौ माता पालने वाले पशुपालकों को अनुदान देकर प्रोत्साहित करेंगे ताकि घर-घर गोपाल बने। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में दूध खरीदी पर भी बोनस दिया जाएगा, ताकि घर-घर दूध उत्पादन बढ़े और प्रदेश दुग्ध उत्पादन के क्षेत्र में आत्मनिर्भर हो। प्रदेश में गोपालन के प्रति लोगों में रुचि बढे़, इसके लिए विशेष प्रयास किए जा रहे है।


उन्होंने मंच के माध्यम से संत कमल किशोर नागर द्वारा गोवंश संरक्षण एवं गौशाला के लिए किए जा रहे प्रयासों के लिए प्रदेश सरकार की ओर से प्रशंसा की। उन्होंने व्यास पीठ का पूजन कर संत नागर का शाल भेंट कर अभिनंदन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव का साफा बांधकर सम्मान किया गया। इस अवसर पर विधायक रमेश मेंदोला, चिंदू वर्मा सहित श्रीमद् भागवत गौशाला चित्तौडा के पदाधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में कथा के श्रवण करने के लिए धर्मावलंबी उपस्थित थे।

 

Kolar News 24 December 2024

Comments

Be First To Comment....

Page Views

  • Last day : 8796
  • Last 7 days : 47106
  • Last 30 days : 63782
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.