Advertisement
भोपाल । राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने प्रदेशवासियों को दीपावली पर्व की हार्दिक शुभकामनाएँ और बधाई दी है। उन्होंने इस अवसर पर प्रदेशवासियों की सुख, समृद्धि और खुशहाली की मंगल कामना करते हुए नागरिकों से कहा है कि दीपावली खुशियाँ बाँटने का पर्व है। वंचितों, जरूरतमंदो के जीवन में खुशियों की ज्योत जलाकर पर्व को मनाया जाना चाहिए।
राज्यपाल पटेल ने बुधवार को अपने शुभकामना संदेश में कहा कि दीपावली धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक त्योहार है। यह लोगों को एक साथ लाने का उत्सव है। दीपावली का पर्व बताता है कि छोटे-छोटे दीप भी एकजुट होकर अंधकार को पराजित कर सकते हैं। उसी तरह हम सब भी मिलकर राष्ट्र और समाज की समस्याओं और चुनौतियों का समाधान कर सकते हैं। इसी भाव और भावना के साथ दीपावली का पर्व नवनिर्माण के संकल्प का अवसर है। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की है कि दीपावली का उत्सव अनुशासित, शुद्ध, स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण में मनाएं। उत्साह, उमंग के साथ समाज में भाईचारे और सद्भाव की गौरवशाली परंपराओं को मजबूत बनाने में योगदान दें।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |