Advertisement
भोपाल। मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में जावरा नगर स्थित जागनाथ महादेव मंदिर परिसर में शुक्रवार तड़के गोवंश का कटा सिर मिलने के बाद हिन्दू संगठनों ने चक्का जाम, थाने का घेराव कर आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मामले में दो आरोपितों को चिन्हित कर उन्हें गिरफ्तार किया। इसके बाद पुलिस-प्रशासन ने आरोपितों के घरों पर बुलडोजर चला उन्हें ढहा दिया। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। रतलाम डीआईजी मनोज सिंह, अपर कलेक्टर आरएस मंडलोई, प्रभारी एसपी राकेश खाका पुलिस बल के साथ मौजूद रहे।
जानकारी के अनुसार, जावरा नगर स्थित जागनाथ मंदिर में शुक्रवार तड़के जब पुजारी मंदिर पहुंचे तो परिसर में गोवंश का कटा हुआ सिर पड़ा हुआ था। यह देख उन्होंने लोगों और पुलिस को सूचना दी। घटना से नाराज हिंदू संगठनों ने जावरा को शांतिपूर्ण ढंग से बंद कराया। इसके बाद फोरलेन पर चक्काजाम कर दिया।
वहीं, शहर में एक जगह भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े। लाठीचार्ज भी करना पड़ा। घटना के बाद हिंदू संगठन और लोग जावरा थाने पहुंच गए। उन्होंने आरोपितों का जुलूस निकालने की मांग की। पुलिस और प्रशासन के अफसरों ने उन्हें समझाने का प्रयास किया। इस बीच रतलाम में गोवंश से भरा ट्रक पलट गया। इसमें 26 गोवंश में से 14 की मौत हो गई। हिंदू संगठनों को जब इसकी जानकारी लगी तो उन्होंने मौके पर पहुंच कर ट्रक में आग लगा दी।
रतलाम पुलिस अधीक्षक राकेश खाखा ने बताया कि 13 और 14 जून की दरमियानी रात में दो करीब 2.41 बजे दो शरारती तत्व बाइक से मंदिर परिसर में जाकर वहां गोवंश का टुकड़ा डाल कर वापस लौट गए। इससे जनभावना को ठेस पहुंची है। इस मामले में धार्मिक भावनाओं का भड़काने का केस दर्ज कर लिया है। मामले में दो संदिग्ध साकिर और सलमान को गिरफ्तार किया है। उनसे पूछताछ के बाद उनके घर ढहा दिए गए। पुलिस-प्रशासन की टीम बुलडोजर लेकर पहुंची। आरोपितों के घर पर बुलडोजर चला तो मौके पर भीड़ जमा हो गई। हालात को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया था। पुलिस मामले की जांच कर रही है। अन्य कोई आरोपित इसमें संलिप्त होंगे तो उनकी भी गिरफ्तारी की जाएगी।
वहीं, शहर काजी हाफिज भुरू भाईजान ने शांति बनाए रखने और सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक बातें न करने की अपील की है। इधर, मंदसौर-रतलाम क्षेत्र के सांसद सुधीर गुप्ता ने घटना की निंदा की है। उन्होंने फोन पर प्रशासन से बात कर जानकारी ली। गुप्ता ने प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों को दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा।
मंदिर का किया शुद्धिकरण
जावरा जागनाथ महादेव मंदिर में शुक्रवार शाम को शुद्धिकरण कर सफाई की गई। वहीं, घटना के बाद से शहर पूरी तरह से बंद है। लोग घरों के बाहर बैठे है। हर चौराहे पर पुलिस बल तैनात किया गया है।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |