भोपाल और कोलार मिलाकर बनेंगे कुल 80 वार्ड
भोपाल नगर निगम में कोलार सहित 8 ग्राम पंचायतों के 20 गांवों को शामिल करने का अंतिम प्रस्ताव राज्य शासन को भेजे जाने के बाद अब नए सिरे से निगम के वार्ड परिसीमन की तैयारी शुरू हो गई है। पहले कोलार व 141 गांवों को आधार मानकर परिसीमन का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा था। इसके तहत निगम में 85 वार्ड बनना प्रस्तावित थे, लेकिन अब बदलाव की वजह से नगर निगम के वार्डों की संख्या 80 तक सीमित रखे जाने के आसार हैं। यानी अब सिर्फ 10 नए वार्ड बनेंगे। इसमें 25 हजार तक की आबादी पर परिसीमन कर वार्ड का आकार तय किया जाएगा। निगम सीमा वृद्धि का प्रस्ताव भेजे जाने के बाद कलेक्टोरेट में बुधवार को परिसीमन के नए प्रस्ताव की तैयारी शुरू हो गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के अफसरों ने बताया कि कोलार नगर पालिका के 20 वार्डों को 4 वार्ड में बांटने की योजना यथावत है। 141 गांवों में छह वार्ड बनाने की योजना रद्द कर दी गई है। अब निगम के वर्तमान वार्डों का भी दायरा बढ़ाकर नए जुड़े गांवों को उनमें शामिल किया जाएगा। इसमें वर्तमान में बड़े वार्डों को विभाजित कर 4 से 6 नए वार्ड बनाए जाएंगे। परिसीमन से जुड़े अफसरों से कहा गया है कि वे अपनी तैयारी पूरी रखें। राज्य शासन से प्रस्ताव की मंजूरी मिलते ही परिसीमन के प्रारंभिक प्रस्ताव की अधिसूचना जारी करने में देर नहीं होगी। अक्टूबर में होगा पार्षद पद के लिए आरक्षण - परिसीमन का जो प्रस्ताव बनाया जाएगा, उस पर भी महीने भर तक दावे-आपत्ति बुलाई जाएंगी। आपत्तियों के निराकरण के बाद वार्ड की सीमा तय होगी। यानी अब अक्टूबर में यह प्रक्रिया पूरी होगी। इसके तुरंत बाद ही पार्षद पद का आरक्षण कर नए वार्डों के हिसाब से मतदाता सूची बनाने का काम शुरू होगा।होशंगाबाद रोड पर दीपड़ी, रतनपुर सड़क आदि गांवों को मिलाकर नया वार्ड बनाया जाएगा। इधर, बैरागढ़ में मौजूदा वार्ड नंबर दो से एयरपोर्ट वाले हिस्से को हटाकर भौंरी के साथ नया वार्ड बनाया जा सकता है। निगम के मौजूदा वार्ड नंबर 52, 53, 59, 63, 69 और 70 को भी विभाजित कर पांच नए वार्ड बनाए जाना प्रस्तावित हैं। सूत्रों के मुताबिक 85 वार्ड के हिसाब से परिसीमन का काम लगभग पूरा हो गया था। अब निगम को नए प्रस्ताव के हिसाब से तैयारी करनी होगी। अब 20 सितंबर तक परिसीमन का प्रस्ताव तैयार होगा। पहले इसकी तारीख 10 सितंबर थी।