Video

Advertisement


नए मतदाता को जोड़ने डोर-टू-डोर सम्पर्क एक जुलाई से
matdata

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर मध्यप्रदेश में 18 से 19 आयु वर्ग के युवा मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट में जोड़ने के लिए आगामी एक जुलाई से विशेष अभियान चलाया जायेगा। विशेष अभियान 31 जुलाई तक चलेगा। यह जानकारी मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्रीमती सलीना सिंह ने आज यहाँ दी।

श्रीमती सलीना सिंह ने बताया कि पहली बार वोटर बनने जा रहे युवाओं के नाम शामिल करने के लिए सभी कॉलेज में फार्म-6 उपलब्ध करवाया जा रहा हैं। ऐसे विद्यार्थी जो प्रवेश के लिए कॉलेज पहुँचेंगे, उनसे फार्म की पूर्ति करवाकर उन्हें वोटर बनाया जायेगा। सभी 1480 केम्पस एम्बेसडर के माध्यम से विशेष केम्प भी लगाये जायेंगे। छात्रावासों में रह रहे विद्यार्थियों से सम्पर्क किया जायेगा। स्कूल एवं कॉलेज के शिक्षकों को नोडल ऑफिसर बनाया जायेगा। छूटे हुए युवाओं के नाम जोड़ने के लिए एनसीसी, एनएसएस, नेहरू युवा केन्द्र और अन्य संगठन को भी सक्रिय किया जायेगा।

श्रीमती सिंह ने बताया कि युवा एवं पात्र मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट में जोड़ने के लिए बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) डोर-टू-डोर सम्पर्क करेंगें और फार्म-6 भरवायेंगे। इस कार्य के लिए चालू माह में बीएलओ और बूथ अवेयरनेस ग्रुप को प्रशिक्षण दिया जायेगा। मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों की जिला स्तर पर बैठक कर अभियान की जानकारी दी जायेगी। प्रशिक्षण में बीएलओ से फीडबेक प्राप्त कर ईआरओ रिपोर्ट तैयार कर कलेक्टर को देंगे। रिपोर्ट के आधार पर लक्ष्य पूर्ति के लिए कलेक्टर कार्य-योजना बनाकर अमल करेंगे। जिलों में कॉल सेंटर 1950 स्थापित कर मतदाताओं को जानकारी दी जायेगी। बीएलओ 8 एवं 23 जुलाई को बूथ स्तर पर विशेष शिविर लगायेंगे।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि आशा और आँगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को नवयुवतियों और नव-विवाहितों के नाम जोड़ने के कार्य में लगाया जायेगा। दिव्यांगों के नाम बीएलओ को देकर वोटर लिस्ट में जोड़ा जायेगा। मृत मतदाताओं के नाम हटवाने के लिए उनके परिजन से फार्म-7 की पूर्ति करवाई जायेगी। जिलों में छूटे हुए मतदाताओं की संख्या का प्रचार-प्रसार करवाया जायेगा। अभियान में राज्य शासन के विभिन्न विभाग, नगरीय निकाय, रेलवे, बीएसएनएल, शैक्षणिक संस्थान, परिवहन, इंडियल ऑयल कार्पोरेशन, बैंक, निजी मोबाइल सेवा प्रदाता, टीवी और एफएम चैनल, सिनेमा हॉल, शापिंग मॉल, कलाकार तथा आईकॉन को भागीदार बनाया जायेगा।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में 64 हजार 5 मतदान केन्द्र है। प्रदेश की अनुमानित जनसंख्या लगभग 8 करोड़ एक लाख है, जिसमें मई 2017 की स्थिति में 5 करोड़ एक लाख मतदाता है। इनमें पुरूष 2 करोड़ 63 लाख तथा महिलाएँ 2 करोड़ 38 लाख है। थर्ड जेंडर की संख्या 1169 है। ईपी रेशो 61.78 तथा जेंडर रेशो 908 है। वर्ष 2016 में कुल 13 लाख 15 हजार मतदाता के नाम जोड़े गये। इस साल मई तक 3 लाख 16 हजार नाम जोड़े तथा एक लाख 68 हजार नाम हटाये गये। मतदाता सूची के अनुसार मई माह तक दर्ज 18-19 आयु वर्ग के मतदाताओं की संख्या एक लाख 18 हजार 765 है जबकि जनगणना-2017 के अनुसार इस आयु वर्ग के युवाओं की संख्या 9 लाख 3 हजार 227 है। इस प्रकार इसमें अंतर 7 लाख 84 हजार 462 है। अभियान द्वारा अंतर की पूर्ति के लिए पुरजोर प्रयास किये जायेंगे।

Kolar News 2 June 2017

Comments

Be First To Comment....

Page Views

  • Last day : 8796
  • Last 7 days : 47106
  • Last 30 days : 63782
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.