Advertisement
भोपाल। केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी कभी भारतीय संस्कृति का सम्मान नहीं कर सकती है। केवल भाजपा ही भारतीय संस्कृति का सम्मान कर सकती है। मध्य प्रदेश को बंटाधार बनाने वाले दिग्विजय सिंह और डेढ़ साल में 50 से ज्यादा गरीबों की योजना बंद करने वाले कमलनाथ के हाथ में मध्य प्रदेश दे सकते हैं क्या? मेरी आपसे करबद्ध विनती है कि एक बार फिर मध्य प्रदेश में भाजपा की सरकार बनाइए, आपका एक वोट दो काम करेगा। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में एक बार फिर कमल खिलेगा। राघोगढ़ की जनता ने भी इस बार मध्य प्रदेश में सुशासन का कमल खिलाने का संकल्प लिया है।
गृह मंत्री शाह सोमवार को गुना जिले के चाचौड़ा में चुनावी जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा ने अयोध्या में राम मंदिर निर्माण की पहल की थी, तो कांग्रेस सवाल उठाती थी। लेकिन अब अयोध्या में राम मंदिर निर्माण जोर शोर से चल रहा है और 22 जनवरी को व्यापक आयोजन है। इसके साथ ही अब भाजपा राज्य के प्रत्येक व्यक्ति को क्रम से अयोध्या में ‘‘राम लला’’ के दर्शन कराएगी। उन्होंने कहा कि इसका संकल्प भाजपा ने अपने संकल्प पत्र में लिया है।
शाह ने कहा कि इसी तरह जब केंद्र में दस सालों तक ‘‘सोनिया और मनमोहन’’ की सरकार रही, तब पाकिस्तान से कोई भी इस देश में घुस आता था और विस्फोट करके चला जाता था। उस समय के प्रधानमंत्री कुछ नहीं बोलते थे और मौन ही बने रहते थे। लेकिन पिछले नौ सालों में मोदी सरकार के समय पाकिस्तान की ऐसा करने की हिम्मत नहीं पड़ती है। सीमा पार से आए लोगों ने दु:साहस तो हमने दस ही दिन में सर्जिकल और एयरस्ट्राइक कर पाकिस्तान के घर में घुसकर आतंकवादियों का सफाया कर दिया। इसी तरह प्रधानमंत्री मोदी ने देश की अर्थव्यवस्था को नौ वर्षों में 11वें नंबर से पांचवें नंबर पर ला दिया है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने मध्य प्रदेश को केवल दो लाख करोड़ दिए, वहीं मोदी ने मध्य प्रदेश के विकास के लिए साढ़े छह लाख करोड़ दिए। ये कांग्रेस पार्टी भ्रष्टाचारियों का टोला है, जो लोग अपने बेटे बेटियों के लिए राजनीति में हैं, वो लोग मध्य प्रदेश और देश का भला नहीं कर सकते। उन्होंने कहा कि राहुल बाबा कहते थे कि अगर कश्मीर से 370 हटाई गई तो कश्मीर में खून की नदियां बहेंगी" अनुच्छेद 370 हटे पांच साल हो गए, कश्मीर में किसी की कंकड़ चलाने की हिम्मत नहीं हुई!
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |