Video

Advertisement


घाटाबिल्लोद में सफाई के दौरान सरकारी भवन में मिले तीन शव
dhar,Three dead bodies ,government building

धार। जिले के घाटबिल्लोद में बुधवार की रात चंबल नदी के किनारे सफाई कार्य के दौरान एक शासकीय भवन में एक 16 वर्षीय किशोर सहित तीन लोगों के शव बरामद हुए हैं। फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस को आशंका है कि पिछले सप्ताह हुई तेज बारिश के दौरान ये लोग कचरा संग्रहण केंद्र में रुके होंगे। जहां पानी में डूबने से इनकी मौत हुई होगी। पुलिस मौके पर पहुंची तो दरवाजा अंदर से बंद था। दरवाजा तोड़कर पुलिस अंदर पहुंची तो शवों के पास से बदबू आ रही थी। उन पर कीचड़ भी लगा था।

 

 

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत द्वारा चंबल नदी के किनारे के श्मशान वाले क्षेत्र में सफाई करवाई जा रही थी। एक मशीन से सफाई करके कीचड़ हटाया जा रहा था, तभी दुर्गंध आने से यहां सफाई के लिए बनाए गए कचरा संग्रहण केंद्र को खोला गया। दरवाजा अंदर से लगा हुआ था। जब दरवाजा खोला गया तो उसमें तीन लोगों की लाश मिली। इसमें एक 16 वर्षीय किशोर और एक महिला और पुरुष के होने का जानकारी मिली। हालांकि अभी उनकी पहचान नहीं हो पाई है।

 

 

बगदुन थाना प्रभारी राजेंद्र सोनी ने बताया कि तीनों की मौत किन परिस्थिति में हुई है, यह अभी जांच का विषय है। प्राथमिक रूप से लग रहा है कि यह लोग कचरा बीनने आए होंगे और यहां पर रुके होंगे।

 

 

गौरतलब है कि जिले में तीन दिन पूर्व बेहद तेज बारिश हुई थी। एक ही रात में करीब 12 इंच पानी बरसा था। ऐसे में चंबल नदी ऐतिहासिक रूप से बाढ़ की स्थिति में बनी थी। संभावना व्यक्त की जा रही कि इस बाढ़ के पानी के कारण ही शासकीय इमारत से बाहर नहीं निकाल पाए और इन तीन की मौत हो गई।

 

 

पोखर में नहाने के दौरान दो बच्चों की डूबने से मौत

इधर, जिले के ग्राम बाछनपुर में बुधवार को पोखर में नहाने के दौरान दो बच्चों की डूबने से मौत हो गई। बताया गया है कि यहां मुरम खुदाई के बाद हुए गड्ढे छोटे पोखर के रूप में तब्दील हो गए है, जहां बारिश के बाद पानी भर गया है। गांव के दो बच्चे इस पोखर में नहाने गए थे। इसी दौरान गहरे पानी में दलदली जगह में पैर फंसने के कारण एक के बाद एक दोनों बच्चों की डूबने से मौत हो गई। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद गांव के युवाओं ने दोनों बच्चों के शव को पानी से भरे पोखर से बाहर निकला। बच्चों के शव देखकर परिजन बेसुध हो गए। परिवार व गांव में मातम छा गया।

पीथमपुर तहसीलदार जयेश प्रताप सिंह ने बताया कि दोपहर करीब 2:30 बजे गांव के दो बच्चे 14 वर्षीय आयुष पुत्र गोपाल एवं 15 वर्षीय यशवंत पुत्र जितेंद्र पोखर में नहाने पहुंचे थे। नहाने के दौरान दोनों गहरे पानी में चले गए। इस पर मिट्टी में फंसने से दोनों अंदर ही रह गए। डूबने से दोनों की मौत हो गई। पोखर के पास ही खेत पर कुछ किसान काम कर रहे थे। काफी देर तक पोखर के पास कपड़े व एक बाइक खड़ी हुई थी। बड़ी देर तक इंतजार करने के बाद भी किसानों को वहां कोई नहीं दिखा। इस पर किसानों ने अंदाजा लगाया कि कोई नहाने के दौरान पोखर में डूब गया है। इसकी सूचना पुलिस को दी।

 

खबर लगने पर मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंच गए थे। दिग्ठान चौकी से थाना प्रभारी जादौन व पीथमपुर तहसीलदार पुलिस अमले के साथ मौके पर पहुंचे। तहसीलदार ने बताया कि बड़ी देर तक ग्रामीणों ने पोखर में खोजबीन की। गांव के युवाओं ने दोनों बच्चों के शव गहरे पानी से करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद बाहर निकाले। शवों को पोस्टमार्टम के लिए धार भेजा गया।

 

 

पीथमपुर एसडीएम शाश्वत शर्मा ने बताया कि दोनों बच्चों के डूबने की खबर लगते ही प्रशासनिक अमला मौके पर भेजा गया था। दोनों बच्चों के स्वजन को चार-चार लाख रुपये की सहायता राशि के प्रकरण बनाकर भेजे गए हैं। जल्द ही सहायता राशि दिलवाई जाएगी।

Kolar News 21 September 2023

Comments

Be First To Comment....

Page Views

  • Last day : 8796
  • Last 7 days : 47106
  • Last 30 days : 63782
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved ©2024 Kolar News.