Advertisement
भोपाल। मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड के ज्वाइंट डायरेक्टर (वित्त) वरुण वडेरिया ने यूरोप की सबसे ऊंची चोटी ‘माउंट एल्ब्रुस’ पर तिरंगा लहराया है। यह जानकारी शुक्रवार को पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के प्रमुख सचिव एवं मप्र टूरिज्म बोर्ड के प्रबंध संचालक शिव शेखर शुक्ला ने दी। उन्होंने इस उपलब्धि पर वडेरिया को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
उन्होंने बताया कि वरुण वडेरिया ने इंटरनेशनल फेडरेशन फॉर क्लाइबिंग एंड माउंटेनियरिंग से मान्यता प्राप्त संस्था नेहरू इंस्टीट्यूट ऑफ उत्तरकाशी से माउंटेनियरिंग कोर्स किया है। वडेरिया एक प्रशिक्षित पर्वतारोही हैं, जिनका लक्ष्य सेवन समिट (सप्त चोटी) पर तिरंगा फहराना है। सेवन समिट सात पारंपरिक महाद्वीपों में से प्रत्येक के सबसे ऊंचे पर्वत हैं।
वरुण वडेरिया ने बताया कि समुद्र तल से 5642 मीटर ऊंचे ‘माउंट एल्ब्रुस’ पर चढ़ाई काफी चुनौतीपूर्ण रही। ऊंचाई पर तापमान माइनस 10 डिग्री सेल्सियस से भी कम रहता है और हवा का बहाव काफी तेज होता है। चोटी की खड़ी चढ़ाई में हवा और ठंड आपकी कठोर परीक्षा लेती है। इसलिये यह यूरोप की न सिर्फ सबसे ऊंची चोटी है बल्कि चुनौतीपूर्ण भी है।
योग, प्राणायाम से मिला फायदा
वडेरिया ने पर्वतारोहण से पहले कई स्तर पर तैयारी की थी। पिछले दो माह से रनिंग और योग कर रहे थे। उन्होंने बताया कि एल्ब्रुस चोटी पर ऑक्सीजन और एयर प्रेशर काफी कम हो जाता है। इसके प्रभाव से सांसे फूलने लगती हैं। लेकिन योग, प्राणायाम के कारण काफी फायदा मिला और औसत समय से पहले ही चढ़ाई पूरी कर ली।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |