Advertisement
भोपाल। मौसम विभाग ने राजधानी भोपाल, ग्वालियर, जबलपुर समेत प्रदेश के 20 जिलों में सोमवार को भी बारिश होने की आशंका जताई है। बादलों की गरज के साथ बिजली गिरने की संभावना भी है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 9 मार्च तक प्रदेश का मौसम ऐसा ही रहेगा, उसके बाद तेज गर्मी पड़ेगी।
बीते दो दिनों से प्रदेश का मौसम बदला हुआ है। राजधानी भोपाल, शाजापुर, गुना, अशोकनगर, रतलाम, नर्मदापुरम, खंडवा, उज्जैन, धार, रायसेन समेत कई जिलों में हल्की और मध्यम बारिश हुई है। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को भी मौसम का मिजाज ऐसा ही बना रहेगा। सोमवार को प्रदेश के 20 जिलों में बारिश होने की संभावना है। इनमें भोपाल, रायसेन, खंडवा, खरगोन, बड़वानी, बुरहानपुर, जबलपुर, नरसिंहपुर, कटनी, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, ग्वालियर, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर दतिया, श्योपुर, मुरैना और भिंड जिले शामिल हैं। हवा की रफ्तार 18 किमी प्रतिघंटा रहेगी। बारिश के कारण दिन और रात के तापमान में भी गिरावट होगी।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के दक्षिणी हिस्से में भी बारिश का दौर शुरू होगा। भोपाल, इंदौर, उज्जैन, नर्मदापुरम, सागर, रीवा, शहडोल और जबलपुर में हल्की बारिश होगी। हमारे यहां अरब सागर से होती हुई आ रही हवा नमी ला रही है। इस वजह से गरज चमक वाले बादल (सीबी क्लाउड) बने हैं और बारिश हो रही है। भोपाल में 6, 7, 8 और 9 मार्च को बारिश के आसार हैं। इनमें से 7 मार्च को तेज बारिश के आसार जताए हैं।
वैज्ञानिकों के अनुसार ऐसा मौसम सामान्यत: आषाढ़ महीने में रहता है। दो सिस्टम का असर होने से फाल्गुन में यह स्थिति बनी है। मौसम वैज्ञानिक एसएच पांडे का कहना है कि उत्तर भारत में वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव है। साथ में दक्षिण-पश्चिम हवाएं मध्यप्रदेश में पहुंच रही हैं। इससे अरब सागर से गर्म और नम हवाएं आ रही हैं। मौसम बदलने से महाराष्ट्र थोड़ा गर्म है। वहां से गर्म और उत्तर से ठंडी हवाएं आ रही हैं। दोनों के मिलने से मध्य भारत में क्लाउड फॉर्मेशन हो रहा है। इससे बारिश हो रही है।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |