Advertisement
भोपाल। प्रदेश में सर्दी पर ब्रेक के साथ ही मौसम में भी बदलाव दिख रहा है। मौसम विभाग के अनुसार मध्यप्रदेश में 27 फरवरी तक बादल छाए रहेंगे। इस दौरान कुछ जगहों पर हल्की बारिश भी हो सकती है। मौसम में यह बदलाव हवा का रुख बदलने से आया है। इसके बाद तेज गर्मी शुरू होगी। मार्च के दूसरे सप्ताह से तो लू चलने की संभावना भी है।
प्रदेश में मौसम बदलने से अब दिन गर्मी महसूस हो रही है, लेकिन देर रात और सुबह 7 बजे के पहले तक हल्की ठंडक रहती है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार राजधानी भोपाल में 24, 25, 26 और 27 फरवरी को बादल छाए रहेंगे। इससे दिन का पारा 31 से 33 डिग्री के बीच रहेगा। वहीं, रात में तापमान 13-14 डिग्री तक रहेगा। पिछले सप्ताह की तुलना में दिन-रात के तापमान में 4 से 5 डिग्री तक की गिरावट होगी। वरिष्ठ मौसम विशेषज्ञ पीके साहा के अनुसार अगले दो तीन दिन तक दिन और रात के तापमान में ऐसा ही उतार-चढ़ाव होने की संभावना है। इस दौरान बूंदाबांदी या हल्की बारिश भी हो सकती है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार प्रदेश के मौसम में 28 फरवरी तक उतार-चढ़ाव बना रहेगा, लेकिन मार्च के पहले सप्ताह में गर्मी का असर तेज हो जाएगा। दिन और रात दोनों ही पारे में बढ़ोतरी होगी। मार्च में ही लू चलने के आसार भी बनेंगे।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |