Advertisement
आयुष राज्य मंत्री रामकिशोर 'नानो' कावरे ने प्रदेशवासियों को 7वें राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस के मौके पर शुभकामनाएँ दी हैं। कावरे ने अपने संदेश में कहा है कि दुनिया में सबसे पुरानी चिकित्सा प्रणालियों में आयुर्वेद को जाना जाता है। यह उपचार प्रणाली शरीर, आत्मा और दिमाग में स्वस्थ जीवन-शैली और आहार का अभ्यास करने के लिये प्रोत्साहित करती है। आयुर्वेद दवाएँ मानव शरीर को बीमारियों और शारीरिक दर्द से मुक्त रखने में मदद करती हैं। देश में पिछले 8 वर्ष में आयुर्वेद को वैश्विक पहचान दिलाने में केन्द्र सरकार द्वारा ठोस प्रयास किये गये हैं। उन्होंने प्रदेशवासियों से आयुर्वेद जैसी भारत की पारम्परिक चिकित्सा पद्धति को सम्मान के साथ व्यापक स्तर पर अपनाने का आग्रह किया है। 7वें राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस 23 अक्टूबर रविवार को प्रदेश में व्यापक आयोजन होंगे। आयुष विभाग ने विभागीय जिला कार्यालयों को इस संबंध में दिशा-निर्देश जारी किये हैं। इस वर्ष राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस की थीम "हर दिन-हर घर आयुर्वेद'' रखी गई है। कार्यक्रम की रूपरेखा "आयुर्वेद @ 2047'' थीम पर तैयार की गई है। आयुष राज्य मंत्री कावरे राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस के मौके पर बालाघाट जिले में होने वाले कार्यक्रम में शामिल होंगे।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |