Advertisement
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने कलेक्टर और पुलिस अधीक्षकों को फ्री-हैंड दे दिया। शिवराज सिंह ने कलेक्टर, आईजी, पुलिस अधीक्षक से कहा कि गुंडों को नेस्तनाबूत कर दो। यदि हम ठान लें तो कोई माई का लाल अवैध काम नहीं कर सकता।
उन्होंने कहा कि हमें बेचारा कलेक्टर-एसपी नहीं चाहिए। गंधवानी, पेटलावद जैसी घटनाएं प्रदेश का माहौल बिगाड़ती हैं। इन्हें रोकने के लिए शांति समितियों की नियमित बैठकें की जाएं। उन्होंने कहा कि चार दिसंबर को भोपाल के जम्बूरी मैदान में गरीब कल्याण एजेंडा घोषित किया जाएगा।
बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों की बात सुनी और अपने तर्क रखे। अच्छा काम करने वाले भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर, देवास, खंडवा, रतलाम, सिवनी के अधिकारियों की हौसला-अफजाई करते हुए मुख्यमंत्री ने खड़े होकर ताली बजाई।
प्रदेश में अपराध का ग्राफ बढ़ने पर हुई चर्चा में अधिकारियों ने बताया कि थाना स्तर पर सभी तरह के प्रकरण दर्ज होने से ग्राफ बढ़ता नजर आता है, इसके अनुपात में कार्रवाई भी बढ़ी है। महिला अत्याचार में प्रदेश के अव्वल होने पर उन्होंने कहा कि महिलाओं के खिलाफ अपराध पर सख्ती से रोक लगाई जाए। गुंडे कोई भी हों, कार्रवाई की जाए। इसमें किसी दबाव में न आएं, न किसी को संरक्षण दें।
गंधवानी और पेटलावद में साम्प्रदायिक तनाव की घटना को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि शांति समिति के निर्देशों का पालन कर लिया जाता तो घटना नहीं होती। बैठक में गृहमंत्री भूपेंद्र सिंह सहित ज्यादातर मंत्री, मुख्य सचिव अंटोनी डिसा, अपर मुख्य सचिव गृह बीपी सिंह, पुलिस महानिदेशक ऋषिकुमार शुक्ला सहित अधिकारी मौजूद थे।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |