Advertisement
सात नई तहसील बनाने का मामला
भोपाल की तहसील हुजूर व पांच नजूल वृत्तों को तोड़कर बनाई जा रही 7 नई तहसीलों के गठन में फिर से पेंच आ गया है। विधायक रामेश्वर शर्मा ने राजस्व मंत्री उमाशंकर गुप्ता को लिखित आपत्ति पेश की है। उन्होंने मांग की है कि तहसीलों का गठन विधानसभा क्षेत्र के हिसाब से हो। आपत्ति पर मंत्री ने अगली बैठक में चर्चा करने को कहा है। कलेक्ट्रेट ने प्रस्तावित 6 तहसीलों के क्षेत्र प्रशासकीय आधार पर बनाने की बात कही है। जबकि विधायक शर्मा इसे विधानसभा आधार पर बनाने की वकालत कर रहें हैं।
राजस्व मंत्री उमाशंकर गुप्ता ने नई सात तहसीलों के संबंध में कलेक्टर निशांत वरवड़े से प्रस्तावों के संबंध में कई और जानकारी मांगी हैं। उन्होंने कहा है कि नई तहसीलों में कितना रकबा, कितने गांव होंगे। वर्तमान हुजूर तहसील व पांच अवैध नजूल वृत्तों से इधर से उधर हो रहे हैं। कितने मंजरे टोले इससे प्रभावित होंगे। इन तहसीलों से शासन को राजस्व कैसे प्राप्त होगा? इत्यादि जानकारी मांगी गई है।गौरतलब है कि भोपाल में हुजूर तहसील व पांच नजूल वृत्तों को तोड़कर हुजूर, कोलार, बैरागढ़, गोविंदपुरा, एमपी नगर, टीटी नगर और शहर भोपाल के रूप में कुल सात नई तहसीलें बनाने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है।
विधायक रामेश्वर शर्मा ने तहसीलों के गठन को लेकर अपनी आपत्ति राजस्व मंत्री उमाशंकर को सौंपी है। आपत्ति में विधायक शर्मा ने हुजूर को तोड़कर बनाई जा रही तहसीलों को तीन भागों में बांटने का सुझाव दिया है। उन्होंने कहा कि वार्ड एक से छह तक बैरागढ़ की एक तहसील बनाई जाए। इसके साथ ही गांवों को जोड़कर हुजूर तहसील को यथावत रखा जाए। कोलार को वार्ड 80 से 84 तक और उससे लगी ग्राम पंचायतों को मिला कर एक तहसील बनाई जाए। यह न्याय संगत होगी।
कलेक्टर निशांत वरवड़े ने इस मसले पर सिर्फ इतना कहा कि नई सात तहसीलों के गठन के संबंध में राजस्व मंत्री ने कुछ जानकारियां मांगी है, वह तैयार कराई जा रही है। यह प्रस्ताव जल्द ही भेजा जाएगा।
सात नई तहसील बनाने के प्रस्ताव के संबंध में बताया जा रहा है कि जो नई तहसीलें बनाई जा रही हैं, उनमें शहर भोपाल तहसील ही ऐसी है, जिसके क्षेत्रफल के दायरे में 5 विधानसभा क्षेत्र आ रहे हैं। इसके अतिरिक्त अन्य सभी तहसीलों में 2 से 3 विधानसभा क्षेत्र आ रहे हैं। हालांकि पूर्व में जो पांच नजूल व तहसील हुजूर वृत्त बने थे, उसमें से कुछ ही वृत्त ऐसे थे जिनमें दो से तीन विधानसभा क्षेत्र शामिल हो रहे हैं। हुजूर तहसील का क्षेत्रफल ही सबसे बड़ा था। उनके गांव ही सर्वाधित विधानसभा क्षेत्रों से जुड़ते थे।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |